त्रिदिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, सांसद बोले- ‘आठ साल, बेमिसाल’
उन्नाव, प्रदेश सरकार के "सेवा, सुरक्षा व सुशासन" के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में त्रिदिवसीय प्रदर्शनी/मेले का भव्य आयोजन किया गया। सोमवार को निराला प्रेक्षागृह में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा अपर्णा यादव ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्नाव के सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा सरस्वती पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ 101 परियोजनाओं का लोकार्पण (₹460.18 करोड़) और 45 परियोजनाओं का शिलान्यास (₹323.81 करोड़) किया गया। साथ ही सूचना विभाग द्वारा तैयार प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का विमोचन हुआ।
जनपद के विकास पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा ने जिले में बीते आठ वर्षों में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान "इनवेस्ट यूपी" के तहत जिले में निवेश करने वाले 11 उद्यमियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता सामग्री वितरित की गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
‘आठ साल, बेमिसाल’ – सांसद
सांसद डॉ. साक्षी महाराज ने सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, "पिछले आठ वर्षों में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिससे प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।" राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सरकार की ‘GYAN’ अवधारणा (गरीबी, युवा, अर्थव्यवस्था, नारी) पर जोर देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
संस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
इस मौके पर सूचना विभाग द्वारा महाकुंभ 2025 पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए, वहीं संस्कृति विभाग के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांध दिया।
इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।