भाकियू अंबावता ने 27 मार्च को महापंचायत का किया ऐलान, बडागांव टोल नाके पर करेंगे महापंचायत

संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा।भाकियू अम्बावत बडागांव टोल नाके पर 27 मार्च को महापंचायत करेगी। पंचायत में पूर्व के धरने के बाद किसानों पर दर्ज हुए मुकदमों के खिलाफ होगी। उधर इसके लिए प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
भारतीय किसान यूनियन अंबावता के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल अंबावता के नेतृत्व में 27 मार्च 2025 को बड़ागांव टोल प्लाजा पर महापंचायत होगी । महापंचायत 16 मार्च को हुए धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों पर दर्ज किए गए मुकदमों के विरोध में आयोजित की जा रही है। यूनियन नेताओं को कहना है कि, 16 मार्च को किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने मिलकर 100 से अधिक किसानों पर मुकदमे दर्ज कर दिए। संगठन का कहना है कि, यह कार्रवाई किसानों के अधिकारों के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने सरकार से किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और उनकी मांगों को स्वीकार करने की अपील की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तो महापंचायत आगे की रणनीति तय करेगी और उसी के अनुसार आंदोलन किया जाएगा। यूनियन ने प्रदेश और जिला स्तर के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और किसानों से 27 मार्च को सुबह 11 बजे बड़ागांव टोल प्लाजा पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।