"गांव चलो अभियान में भाजपा का जनसंपर्क तेज, दिव्या त्रिपाठी ने कहा—सबका साथ, सबका विकास भाजपा की पहचान"

चित्रकूट ब्यूरो।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से चल रहे "गांव चलो अभियान" के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद की बालापुर माफी ग्राम पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो योजनाएं चल रही हैं, उनका लाभ अब सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है।”
दिव्या त्रिपाठी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि भाजपा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने ‘एक देश, एक चुनाव’ जैसे मुद्दों पर भी ग्रामीणों से चर्चा की, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और अपनी राय रखी।
जनपद प्रभारी डॉ. अनिल यादव और जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के माध्यम से पार्टी की नीति ‘अंत्योदय’ को मूर्त रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भाजपा सरकार की योजनाओं के प्रति भरोसा जताते हुए कहा कि पहली बार उन्हें विकास की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला है।