कृषि राज्यमंत्री से मिले सांसद : पुसार में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान व किसान सेवा केंद्र को चालू कराने की मांग
ब्यूरो डॉ योगेश कौशिक
बागपत। स्थानीय सांसद व लोकसभा में प्राक्कलन समिति के सदस्य डॉ राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी से मुलाकात के दौरान जनपद के गांव पुसार में स्थित राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, किसान सेवा केन्द्र को पुनः आरम्भ कराने की मांग की।
सांसद ने कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी को बताया कि ,राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान का एक केन्द्र गांव पुसार में तत्कालीन केन्द्रीय कृषि मन्त्री एवं बागपत सांसद के प्रयास से शुरू किया गया था , जिसका मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक विधि से पशुपालन एवं किसानों की तकनीकी जानकारी बढ़ाना व किसानों के पशु की नस्ल में सुधार करके उनकी दुग्ध उत्पादन क्षमता को बढ़ाना था। यह केन्द्र वर्ष: 2005 में स्थापित किया गया था, परन्तु इसके बाद यहाँ कोई गतिविधि शुरू नहीं हुई, जिसके लिये इसको बनाया गया था।
किसानों के अनुरोध पर इस सेन्टर पर फिर से गतिविधि शुरू करना चाहते हैं, जिससे यहाँ के आसपास के गांव के किसानों को इसका लाभ मिले, जब अच्छा पशुधन किसानों के पास होगा, तो उसका दुग्ध उत्पादन अधिक होगा, और किसानों की आय में वृद्धि होगी।बताया कि, अभी यहाँ के किसान अच्छे पशु हरियाणा से खरीद कर लाते हैं, जिससे उनको बहुत अधिक कीमत चुकानी पड़ती है तथा उनकी निर्भरता अधिकतर हरियाणा के पशुधन पर बनी रहती है। कहा कि,
अगर यहाँ पर ही किसानों को अच्छी नस्ल के सांडों का सीमेन के गर्भित कराया जाए, तो उससे यहाँ के पशुओं की नस्ल में सुधार होगा।
सांसद सांगवान ने मंत्री से अनुरोध किया कि, किसानों के पशुधन की नस्ल सुधार कर उनके दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने के लिए इस सेन्टर पर फिर से पशुधन नस्ल सुधार एवं प्रजनन सुधार अन्य गतिविधियां शुरू कराने से किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगा, अतः किसानों के व्यापक हित में इसे शुरू कराया जाए।