लुहारी गाँव की विवाहिता के गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज

लुहारी गाँव की विवाहिता के गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा।क्षेत्र के सांकरौद गांव से विवाहिता के गायब होने की घटना का मुकदमा दर्ज हो गया है। मुकदमे में विवाहिता की हत्या कर शव को गायब कर देने की शंका जताई गई है। पुलिस जांच में जुटी है।

बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के लुहारी गांव की प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में सांकरौद गांव में हुई थी। 27 जून की रात वह ससुराल में रहस्य ढंग से गायब हो गई थी। प्रियंका के चाचा जितेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जितेंद्र का आरोप है कि, ससुरालिए प्रियंका का दहेज के लिए शादी के बाद से ही शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। मांग पूरी न होती देख उन्होंने प्रियंका की हत्या का षड्यंत्र भी रचा था। तभी खेकड़ा कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई थी ,लेकिन पुलिस कार्रवाई करती ,इससे पूर्व ही ससुरालियों ने माफी मांगते हुए सामाजिक स्तर पर समझौता कर लिया था। समझौता के बाद प्रियंका कुछ दिनों तक ससुराल में ठीक से रही, इसके बाद ससुराल वालों ने फिर से उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया था। 27 जून की रात से तो वह गायब है।

 जितेंद्र का आरोप है कि ,ससुरालियों ने संभवत उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया है। मायके वालों ने सोमवार को बागपत में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए प्रियंका के ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की थी। कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि जितेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। प्रियंका की तलाश की जा रही है।