महानगर के कई मौहल्लों की स्थिति बद से बदतर

महानगर के कई मौहल्लों की स्थिति बद से बदतर


क्षेत्रीय पार्षद समस्याओ को कर रहे नजर अंदाज 
क्या यही कारण तो नहीं रहे जो मत प्रतिशत कम हुआ
सहारनपुर। सहारनपुर महानगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किये जाने की मुहिम के बावजूद महानगर के कई मौहल्लों की स्थिति बद से बदतर हो रही है। नगर निगम प्रशासन की लापरवाही से सीवर लाईन ब्लाक होने की वजह से क्षेत्रवासियों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा पार्षद को बार-बार अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान न होने उनमें आक्रोश व्याप्त है।
गौरतलब है कि सहारनपुर महानगर का चयन स्मार्ट सिटी योजना के लिए किया गया था, जिसमें सहारनपुर महानगर को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट सिटी बनाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा धनराशि स्वीकृत की गयी थी, जिसके चलते महानगर में अनेक स्थानों पर विकास कार्य तो चल रहे है, परन्तु महानगर के अन्दरूनी इलाके के अनेक मौहल्लों को स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकास से वंचित रखने का काम किया जा रहा है। नगर निगम के सैक्टर 53 के अंतर्गत आने वाले मौहल्ला कृष्णा नगर में बीते दो माह से सीवर लाइन ब्लाक होने के कारण सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जिसके चलते एक ओर जहां क्षेत्रवासियों को गंदे पानी के बीच से होकर आना जाना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियो को गंदगी के साथ-साथ मच्छर व मक्खियों के प्रकोप का भी सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते अनेक बीमारियों ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिये हैं। क्षेत्रवासियों का कहना था कि उन्होंने इस संबंध में क्षेत्रीय पार्षद रवि सैन जैन के अलावा नगर निगम प्रशासन को भी कई बार अवगत कराया है, परन्तु अभी तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। उनका आरोप था कि क्षेत्रीय पार्षद उनके मौहल्ले की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद का कहना है कि कृष्णा नगर के अधिकांश लोगों ने मुझे वोट नहीं दिया है। जिसके चलते क्षेत्रीय पार्षद की कार्यप्रणाली को मौहल्लेवासियों में आक्रोश व्याप्त है।