हरियाणा को लिखे पत्र का असर, खुद आए हरियाणा रोडवेज के अधिकारी व भाजपा नेताओं से की वार्ता

हरियाणा को लिखे पत्र का असर, खुद आए हरियाणा रोडवेज के अधिकारी व भाजपा नेताओं से की वार्ता

••सोनीपत के लिए बसों के संचालन पर बनी सहमति

संवाददाता नीतीश कौशिक

बागपत। हरियाणा के बहालगढ़, सोनीपत जाने के लिए पिछले करीब दो वर्षों से बसों संचालन नहीं हो रहा था ,जिस कारण जिले के लोगों को डग्गामार वाहनों से यात्रा को मजबूर होना पडता था।भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने पिछले दिनों हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को इस संबंध में पत्र लिखा था, जिसका असर आज देखने को उस समय मिला, जब भाजपा के जिला कार्यालय पर हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने आकर भाजपा जिलाध्यक्ष से मिलकर बसों के संचालन के विषय में वार्ता की।

भाजपा प्रेस प्रवक्ता पवन शर्मा ने बताया कि, जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय के प्रयासों से अब हरियाणा रोडवेज की बसें दिन में 16 चक्कर लगायेंगी। बसों  का संचालन सुबह  6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। इस दौरान हरियाणा रोडवेज की बसें नगर के सिसाना रोड़ तालाब के पास से चलेंगी। बसों का संचालन शुरू होने पर क्षेत्र वासियों ने जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय का आभार जताया। 

वार्ता के दौरान हरियाणा रोडवेज के इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, राकेश कुमार, सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, इरशाद, भाजपा जिला महामंत्री सरिता चौधरी, अनिल चौहान, मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, सत्यबीर सिंह बड़का, प्रभात तोमर, रामधारी, आत्माराम मौर्य, नरेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।