गैस सिलेंडर लूट का एक और आरोपी दबोचा, मिले लूटे गए 11 सिलेंडर

गैस सिलेंडर लूट का एक और आरोपी दबोचा, मिले लूटे गए 11 सिलेंडर

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा।दिल्ली -सहारनपुर नेशनल हाईवे पर डूंडाहेड़ा के पास रसोई गैस सिलेंडरों से भरा टेंपो लूटने वाले एक और गैस माफिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 11 गैस सिलेंडर और लूट में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की है।

लूट की यह घटना 8 सितंबर की है। दिल्ली का रहने वाला रमन पाल खेकड़ा रसोई गैस एजेंसी से टेंपो में 96 सिलेंडर लेकर चला था। उन सिलेंडरों को सुभानपुर आदि गांवों में उपभोक्ताओं को सप्लाई किया जाना था। कार सवार चार गैस माफियाओं ने दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर डूंडाहेड़ा के पास उससे सिलेंडर भरा टेंपो लूट लिया था। पुलिस ने तभी टेंपो लूटने वालों में से एक गैस माफिया को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने सिलेंडर लूटने वालों में से एक और गैस माफिया को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि गिरफ्तार गैस माफिया ढिकौली गांव का रहने वाला अनमोल है। उसके पास से लूट के 11 सिलेंडर, गैस काला बाजारी के 70 सिलेंडर व लूट में प्रयुक्त बोलोरो पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। बाकी के फरार दोनों गैस माफियाओ की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।