लहचौडा प्रधान पर दबंगई का आरोप लगाया, ‌दी पलायन की चेतावनी

लहचौडा प्रधान पर दबंगई का आरोप लगाया, ‌दी पलायन की चेतावनी

••आरोप बेबुनियाद, ग्रामवासियों के साथ परिवार के सदस्य जैसा व्यवहार व सहयोग: प्रदीप कुमार

ब्यूरो डॉ योगेश कौशिक

चांदीनगर।लहचौड़ा गांव में रविवार को प्रधान पर दबंगई का आरोप लगाते हुए कई परिवारो ने गांव से पलायन की चेतावनी दे दी। पलायन की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। वहीं थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली तथा दोनों पक्षो से वार्ता की।

रविवार को लहचौड़ा के प्रवीण ने ग्राम प्रधान पर दबंगई का आरोप लगाकर गांव से पलायन की घोषणा कर दी। उसने अपने मकान के बाहर भी,यह मकान बिकाऊ है, लिख दिया। प्रवीण ने आरोप लगाया कि ,उसने ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ा था और आगामी चुनाव की भी तैयारी कर रहा हूं, लेकिन ग्राम प्रधान के परिवार के लोग लगातार धमकी देने में लगे हैं ,जिससे उनके परिवार में भय का माहौल है, इसलिए उन्होने गांव से पलायन का निर्णय लिया है। 

इसके अलावा गांव के ही विकास, तरसपाल, विनोद, श्रीचंद आदि ने भी पलायन की घोषण कर दी। अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है, लिख दिया। आरोप लगाया कि, ग्राम प्रधान कभी उनके मुचलके कराता है। डराता व धमकाता है। 

सोशल मीडिया पर ये सब फोटो सहित वायरल होने पर पुलिस प्रशासन में हडकम्प मच गया। चांदीनगर थाना प्रभारी संजय कुमार गांव में पहुंचे और सभी पक्षों से वार्ता की। समझाकर घरों से लिखा हुआ मिटवाया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि, पीड़ित पक्ष को समझा दिया गया है। साक्ष्य के साथ अगर कोई शिकायत मिलती है, तो जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।  

उधर ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार का कहना है कि, यह सब आरोप बेबुनियाद है। गांव के सभी लोग मेरे परिवार के सदस्य हैं। किसी की कोई समस्या है ,तो मिल बैठ कर समाधान कर लिया जाएगा।