कालेज की छात्राओं को दी यातायात नियमों की जानकारी

कालेज की छात्राओं को दी यातायात नियमों की जानकारी
भैंसवाल स्थित कन्या कल्याण गुरुकुल इंटर कालेज में कार्यक्रम का आयोजन
शामली। एसएसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा स्कूल, कालेजों में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को गांव भैंसवाल स्थित कन्या कल्याण गुरुकुल शिक्षा संस्थान इंटर कालेज में छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गयी तथा पंपलेट का भी वितरण किया गया।
जानकारी के अनुसार एसएसपी अभिषेक के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यातायात नवम्बर माह मनाया जा रहा है। इसी के तहत यातायात प्रभारी संजय राणा के नेतृत्व में पुलिसकर्मी शिक्षण संस्थाओं में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक कर रहे हैं। इसी के तहत सोमवार को यातायात पुलिसकमियों द्वारा गांव भैंसवाल स्थित कन्या कल्याण गुरुकुल शिक्षा संस्थान इंटर कालेज में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी संजय राणा व मुख्य आरक्षी ओमवीर सिंह द्वारा छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। संजय राणा ने छात्राओं को बताया कि हम सभी को यातायात नियमों का पालन जरूर करना चाहिए, दुपहिया व चारपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बैल्ट का प्रयोग जरूर करना चाहिए। सडक पार करते समय दोनों तरफ देखना चाहिए , यदि कोई वाहन न आ रहा हो तभी सडक पार करनी चाहिए। तेज रफ्तार अथवा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना चाहिए, मोबाइल व ईयरफोन का प्रयोग करते समय वाहन नहीं चलाना चाहिए, इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने छात्राओं से आहवान किया कि वे खुद तो यातायात नियमों का पालन करें, साथ ही अपने अभिभावकों व आसपास रहने वाले लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। इस अवसर पर छात्राओं को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।