-पति सहित ससुरालियों पर महिला की हत्या का आरोप

-पति सहित ससुरालियों पर महिला की हत्या का आरोप
 पुलिस ने पांच अभियुक्तों के खिलाफ किया अभियोग दर्ज
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खंदरावली में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। महिला के भाई ने जीजा सहित अन्य परिजनों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई के जाने की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
शामली के मोहल्ला दयानंद गली नंबर तीन निवासी देवेंद्र ने फरवरी 2022 में अपनी बेटी अंशु की शादी क्षेत्र के गांव खंदरावली निवासी नितिन पुत्र जयकुमार के साथ की थी। जयकुमार ने बताया कि उसने बेटी की शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि बेटी के ससुराल वाले शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला को परेशान कर रहे थे। महिला ने मामले की जानकारी अपने परिजनो को दे दी थी। आरोप है कि रविवार की रात को पति ने अपने परिजनो के साथ मिलकर महिला की फांसी लगाकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर महिला के परिजन भी मौके पर आ गए। महिला के परिजनो ने ससुराल वालों पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक महिला के भाई चेतन ने जीजा नितिन, जयकुमार, सुदेशना, सचिन ओर रीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह का कहना है कि पिता-पुत्र को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।