इलाके में सांप्रदायिक तनाव हत्या से भड़का आक्रोश, आरोपियों के घर-खेत फूंके

इलाके में सांप्रदायिक तनाव हत्या से भड़का आक्रोश, आरोपियों के घर-खेत फूंके

मेरठ से सटे हस्तिनापुर में रविवार को हुई युवक की हत्या के बाद सोमवार को आक्रोश फैल गया। दूसरे समुदाय के आरोपियों के घरों पर पथराव और आगजनी कर खेतों में भी आग लगा दी गई। सूचना पर कई थानों का फोर्स पहुंचा और स्थिति काबू करने का प्रयास किया। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं।  

हस्तिनापुर में रविवार शाम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि शाम करीब 5:30 बजे गांव में मौजूद प्राइमरी विद्यालय की दीवार पर युवक बैठा हुआ था। दो बाइक सवारों ने पीछे से आकर युवक पर एक के बाद एक कई फायर झोंक दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सरेशाम गोली चलने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया।



परिजन तुरंत घायल को मवाना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने आरापियों के घर में आगजनी व पथराव कर दिया। आरोपियों के खेतों में भी आग लगा दी गई। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत कराया। बताया गया कि आगजनी में घर में खड़े ट्रैक्टर भी जला दिए गए, वहीं घर का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया है। 


 
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद मृतक विशू का शव जैसे ही गांव में पहुंचा तो आक्रोशित भीड़ ने संप्रदाय विशेष लोगों के कई घरों में पथराव और आगजनी कर दी। आग ने भीषण रूप धारण कर लिया, जिसमें काफी नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे एसपी देहात कमलेश बहादुर ने भारी फोर्स को क्षेत्र में तैनात कर दिया है और खुद भी मौके पर डटे हुए हैं। वहीं आगजनी होते देख दमकल की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया। उधर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात है, क्षेत्र में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।

संप्रदाय विशेष के लोगों पर हत्या का आरोप
मामला संप्रदाय विशेष से जुड़ा होने के कारण भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ही संप्रदाय विशेष के लोगों से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते पलडा गांव में होली पर भी झगड़ा हुआ था। इसमें कई लोग घायल हुए और उसके बाद करीब एक सप्ताह पूर्व भी संप्रदाय विशेष के लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। उसमें भी आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

हस्तिनापुर के पलड़ा गांव में युवक विशु की हत्या के बाद परिजनों में उबाल है। सोमवार को हत्यारोपियों के घरों में आगजनी व पथराव कर दिया गया। सूचना पर कई थानों का पुलिस-फोर्स मौके पर दौड़ पड़ा। बताया गया कि आज विशु के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव गांव में पहुंचा था। इसके बाद कुछ लोगों का गुस्सा भड़का और तनाव की स्थिति बन गई। बताया गया कि आरोपियों के खेतों में भी आगजनी की गई है। आग की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। पुलिस गुस्साए लोगों को समझा रही थी कि दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थलों में भी तोड़फोड़ कर दी गई। वहीं मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। क्षेत्र में कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी हुई है।