विवाहिता के हत्यारों को गिरफतार नही कर पा रही है पुलिस, मृतका के पिता ने एसपी से लगाई गुहार

विवाहिता के हत्यारों को गिरफतार नही कर पा रही है पुलिस, मृतका के पिता ने एसपी से लगाई गुहार

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा।कस्बे में विवाहिता को मौत के घाट उतारने के फरार आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। मृतका के पिता ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

बता दें कि, खेकड़ा में गत 21 मई को विवाहिता शालू की हत्या हुई थी। शालू शेरपुर लुहारा गांव के रहने वाले सुधीर की पुत्री थी। नौ वर्ष पहले शालू की शादी खेकड़ा के दिल्ली तिहाड़ जेल में कार्यरत बंदी रक्षक लोकेंद्र के साथ हुई थी। घटना के बाद सुधीर ने ससुरालियों पर शालू की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में पति लोकेंद्र, दो देवर, ननद और सास -ससुर को नामजद किया गया था। आरोप था कि, सभी आरोपी दहेज के लिए शालू को शादी के बाद से ही परेशान करते चले आ रहे थे। मांग पूरी न होते देख उन्होंने पीट-पीट कर शालू को मौत के घाट उतार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी शालू की हत्या अंदरूनी चोटों से होने की पुष्टि हुई थी। 

पुलिस ने तभी आरोपी पति और दो देवरो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था ,जबकि आरोपी सास ससुर और ननद फरार हो गए थे। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। पिछले सप्ताह शालू के पिता ने गांव के लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। खेकड़ा पुलिस पर फरार हत्यारोपियों को बचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उनको गिरफ्तार किए जाने की मांग की थी। खेकड़ा पुलिस ने फिर भी अभी तक फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। 

पिता सुधीर का आरोप है कि  खेकड़ा पुलिस आरोपियों से साज खाए हुए हैं। वह उन्हें बचाने के प्रयासों में लगी है, इसलिए वे खुले घूम रहे हैं। सुधीर ने पुलिस अधीक्षक से मुकदमे की जांच खेकड़ा थाने से हटाकर किसी और एजेंसी से करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।