एकता पुरुस्कार 2022 के लिए जनपद के प्रतिभा संपन्न युवा अमन कुमार का चयन

एकता पुरुस्कार 2022 के लिए जनपद के प्रतिभा संपन्न युवा अमन कुमार का चयन

"अंधेरे पर विजयपथ फहराने के लिए अडचनें स्वत: हट जाती हैं "

ब्यूरो डॉ योगेश कौशिक

बागपत। प्रतिभा वह प्रकाश है ,जो घोर तिमिर में भी अपनी पहचान बना लेती है। जनपद के एक छोटे से ग्राम ट्यौढी के युवा स्वयंसेवक अमन कुमार ने यह सिद्ध करके दिखाया है। 

नेहरू युवा केन्द्र बागपत के युवा स्वयंसेवक अमन के विभिन्न कार्यों को देखते हुए ,इंडियन अचीवर्स फोरम ऑफ एक्सीलेंस रिकॉर्ड ने सोमवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उनका चयन यूनिटी अवार्ड 2022 के लिए किया है ,जिसको लेकर उनको लगातार बधाइयां मिल रही है। अमन ने कहा ,यह मेरे लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण हैं। मैं युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व कर राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति का प्रत्यक्ष योगदान सुनिश्चित करना चाहता हूं। यह सम्मान मैं उन सभी जागरूक युवाओं को समर्पित करता हूं जो राष्ट्र व समाज के हित में लगातार कार्यरत है। साथ ही उन्होंने अपने शुभचिंतकों और मार्गदर्शकों के प्रति भी आभार जताया।

गौरतलब है कि ,समाज कल्याण और युवा शक्ति के उत्थान हेतु कार्य कर रहे बागपत के शिक्षा रत्न अमन कुमार पहले भी अपने कार्यों के लिए विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किए जा चुके हैं। नेहरू युवा केंद्र बागपत के नेतृत्व में जिला प्रशासन के साथ मिलकर उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान एप्लीकेशन भी लॉन्च किया था , जिससे जनपद से गुजरने वाले कांवड़ भक्तों को काफी मदद मिली। 

हाल ही में भारत के 26.3 करोड़ युवाओं को प्रेरित करने के लिए फिनलैंड की संस्था ,हंड्रेड ने भी उनको भारत में अपना राजदूत नियुक्त किया है। इसके अतिरिक्त उनको उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा बागपत के एंबेसडर और महाराष्ट्र में यंग ट्रांसफार्मर अवार्ड सहित विभिन्न खिताबों से नवाजा जा चुका है। अब इंडियन अचीवर्स फोरम ऑफ एक्सीलेंस रिकॉर्ड में उनका नाम शुमार होना वास्तव में पूरे जनपद के लिए एक गौरव की बात है।