पर्यटन के लिए विकसित होगा लाक्षागृह: डा राजकुमार सांगवान

पर्यटन के लिए विकसित होगा लाक्षागृह: डा राजकुमार सांगवान

••राष्ट्र कल्याण की कामना के साथ सामवेद पारायण यज्ञ संपन्न

संवाददाता मनोज कलीना

बिनौली। बरनावा के लाक्षागृह स्थित श्री महानंद संस्कृत गुरुकुल में गांधी धाम समिति के तत्वाधान में ब्रह्मर्षि कृष्णदत्त महाराज के 82 वें जन्मोत्सव पर दो दिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कई प्रांतों से आए सैकडों श्रद्धालुओं ने आहुति देकर राष्ट्र कल्याण की कामना की। 

समारोह में वैदिक विद्वान प्रधानाचार्य अरविंद शास्त्री ने वेदोपदेश देते हुए कहा कि, ब्रह्मर्षि कृष्णदत्त महाराज के दिए प्रवचनों का दिव्य ज्ञान हम सबके लिए प्रेरणाप्रद है। उनकी कीर्ति और यश आज भी चहुंओर फैली है। संसार मे जितने भलाई व उपकार के कार्य हैं, उन सबको को जोड़कर चलने को ही यज्ञ कहते हैं। परमपिता परमेश्वर ही यज्ञ का कर्ता है। 

यज्ञ के ब्रह्म आचार्य गुरुवचन शास्त्री ने कहा कि, हमे विचार पूर्वक आगे बढ़ना चाहिए, तभी हमें सही दिशा व राह मिलेगी। आयोजन में पहुंचे रालोद सांसद डा राजकुमार सांगवान ने कहा कि ,लाक्षागृह हमारी प्राचीन विरासत है, जिसको पर्यटन स्थल के लिए रूप में विकसित कराया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने प्रयास शुरु किए हैं।कहा कि, संस्कृत गुरुकुल की समस्याओं का भी जल्द समाधान कराया जाएगा। गांधी धाम समिति के पदाधिकारियों ने सांसद को शाल व ऋषि साहित्य देकर सम्मानित किया। 

इस अवसर पर आचार्य विनोद कुमार, देवेंद्र शास्त्री, शोदान शास्त्री, यशोधर्मा सोलंकी, राजपाल त्यागी, राहुल त्यागी शिवकुमार, संजीव मुलसम, विजय कुमार, अरुण त्यागी, साधना सोलंकी आदि मौजूद रहे।