पुलिस अधिकारियों ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण ,देखी सुरक्षा व्यवस्था, त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र

पुलिस अधिकारियों ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण ,देखी सुरक्षा व्यवस्था, त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा।पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को एलसीपी कालेज परिसर में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। मतगणना के लिए प्रमुख हाल की भी जांच की।

बागपत लोकसभा क्षेत्र के लिए 26 अप्रैल को मतदान सम्पन्न हो गया। इसके 979 बूथों के मतदान के बाद बीती देर रात तक पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम मशीने जमा कराई। मशीनों को एलसीपी कालेज परिसर में बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। देर रात एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जांचकर आवश्यक निर्देश दिए। इसी क्रम में शनिवार को सीओ प्रीता सिंह ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा बताया कि, चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

कहा कि,आयोग की ओर से आए दिशानिर्देश के अनुपालन में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाया गया है। यहां पर आधी सेक्शन फोर्स लगाई गई है, जो 24 घंटे सुरक्षा में तैनात रहते हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तीन चक्र में है। अर्धसैनिक बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। दूसरे चक्र में पीएसी के जवान हैं तथा बाहरी चक्र में पुलिस व होमगार्ड के जवानों को लगाया गया है। चार जून को परिसर में ही मतगणना होगी। तब तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहींं की जाएगी।