गुणवत्ता के साथ कराएंगे समस्याओं निस्तारण- डीआईजी।

गुणवत्ता के साथ कराएंगे समस्याओं निस्तारण- डीआईजी।

- समाधान दिवस में सुनीं गई समस्याएं

चित्रकूट ब्यूरो: पुलिस उप महानिरीक्षक परिक्षेत्र चित्रकूट धाम मंडल बादा अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार कर्वी में आयोजित किया गया।

समाधान दिवस में पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि राजस्व के साथ अन्य विभागों की जो समस्याएं आती है, उनके समाधान के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टि मिले। जनपद की रैंकिंग निर्धारित करने में इसका फीडबैक भी लिया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर जाकर समस्याओं का निस्तारण कराए एवं आपके निस्तारण से फरियादीयो को संतुष्टि भी मिलना चाहिए। सभी अधिकारी अपने विभागों की समस्याओं का समय से निस्तारण कराए। कहा कि एक हफ्ते बाद जनपद में दीपावली का उत्सव लगभग पांच दिनों तक चलेगा, जो बुंदेलखंड का महत्वपूर्ण पर्व है। कहा कि मेले से संबंधित अधिकारी मेला परिक्षेत्र में भ्रमण करते हुए मेले को सकुशल संपन्न कराएं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी कर्वी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग व विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि समय-समय पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखें। उपमहानिरीक्षक ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से कहा कि आप लोग भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखें। इस दौरान तहसील समाधान कर्वी में प्राप्त 80 समस्याओं में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों व प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजकमल, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, उप कृषि निदेशक राजकुमार, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, अधिसाशी अभियन्ता विद्युत दीपक सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड संतोष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी इन्द्र नारायण सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, बंदोबस्त अधिकारी मनोहर लाल धर्मान, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुभाष चंद्र, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव, नायब तहसीलदार कर्वी मंगल यादव आदि मौजूद रहे।

इसी प्रकार राजापुर में अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम और उप जिलाधिकारी प्रमोद झा ने जनसमस्याएं सुनीं। यहा प्राप्त 67 प्रार्थना पत्रों में से पांच का निस्तारण मौके पर किया गया। इसके अलावा मानिकपुर में अपर जिलाधिकारी राजेश प्रसाद व उपजिलाधिकारी पंकज वर्मा तथा मऊ में उपजिलाधिकारी सौरभ यादव ने जनसमस्याएं सुनीं।