भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मना जश्न, जातीय राजनीति का होगा अंत – हीरो

चित्रकूट। दिल्ली विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर सीट पर भाजपा की शानदार जीत से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार को धनुष चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
'जातीय राजनीति करने वालों की उलटी गिनती शुरू' – हीरो
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास मिश्रा 'हीरो' ने कहा कि दिल्ली और मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पूरे देश में कायम है। उन्होंने कहा, "जनता अब विकास की राजनीति चाहती है, जातीय आधार पर समाज को बांटने वालों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा की जीत इस बात का संकेत है कि जातीय राजनीति करने वाली पार्टियों का भविष्य अंधकारमय है।"
"2027 में भी मोदी-योगी की सरकार" – राजीव त्रिपाठी
भाजपा किसान मोर्चा के कानपुर बुंदेलखंड प्रांत के क्षेत्रीय मंत्री राजीव त्रिपाठी ने कहा कि दिल्ली और मिल्कीपुर उपचुनाव के नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि 2027 में भी देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने फिर साबित कर दिया है कि मोदी और योगी का नेतृत्व ही विकास और सुशासन की गारंटी है।
भाजपा की नीतियों पर जनता ने जताया विश्वास
युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मोहित मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां जनकल्याणकारी हैं, इसलिए जनता हर चुनाव में भाजपा को अपना समर्थन दे रही है। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने कहा कि भाजपा की जीत ने विपक्ष को यह संदेश दे दिया है कि अब झूठी राजनीति नहीं चलेगी, जनता विकास के साथ है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष भाजपा हरिओम करवारिया, आईटी प्रमुख अभिषेक ओझा, जिला महामंत्री भाजयुमो प्रमेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुशील द्विवेदी, क्षेत्रीय कार्य समिति सदस्य युवा मोर्चा पवन बद्री, जवाहर सोनी, रामकिशोर प्रजापति, विवेक अग्रहरी, भानु पांडेय और रिषभ शुक्ला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर एक-दूसरे को बधाई दी और ढोल-नगाड़ों के साथ भाजपा की जीत का उत्सव मनाया।