रालोद- भाजपा की गुटरगूं की खबरों के चलते गर्माई जनपद में राजनीति

रालोद- भाजपा की गुटरगूं की खबरों के चलते गर्माई जनपद में राजनीति

संवाददाता नीतीश कौशिक

बागपत। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार रालोद और भाजपा के बीच मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति बन रही है और सीटों के निर्धारण पर मंथन सहित किसानों, युवाओं के लिए घोषणाएं तथा तात्कालिक उपलब्धि पर भी अभी बातें होंगी, जिससे किसी भी तरह की घोषणा होने में समय लग सकता है। 

दूसरी ओर भाजपा और रालोद समर्थकों ने संभावित राजनीतिक परिदृश्य को व्यापक हित में स्वीकार करते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की जाने लगी हैं। रालोद समर्थक एक व्यक्ति ने लिखा कि, खीर पक रही है, खाने में कोई हर्ज नहींं। ऐसी ही एक टिप्पणी में रालोद समर्थक ने लिखा कि, जल्दी न करें, सब्र का फल मीठा होता है। 

एक भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, अब जल्दी ही चौ चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की बात भी मान ली जाएगी। स्थानीय स्तर पर रालोद और भाजपा समर्थकों का बड़ा वर्ग चाहता है कि, समझौता हो जाए।साथ ही रालोद समर्थक चाहते हैं कि, समझौता होने की घोषणा के साथ स्व चौ अजित सिंह की मूर्ति का अनावरण छपरौली में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने आएं। उल्लेखनीय है कि, 12 फरवरी में चौ अजित सिंह के जन्मदिन पर मूर्ति अनावरण का कार्यक्रम एकाएक स्थगित कर दिया गया था। 

दूसरी ओर सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि, रालोद और भाजपा के बीच पींगें बढाने की शुरुआत राज्यसभा अधिवेशन के दौरान शुरू हुई थी, धीरे धीरे बात आगे बढती दिखी ,तो भाजपा की ओर से पीयूष गोयल भी शामिल हो गये। 

हालांकि दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग और राजनीतिक मुद्दों पर फाइनल होगा या नहीं, यह तो वक्त ही बताएगा, किंतु संभावनाओं को लेकर कांग्रेस और बसपा की भी पैनी नजर है। कांग्रेस के एक बडे नेता ने कहा कि, यदि रालोद व भाजपा मिलकर चुनाव लडते हैं ,तो बागपत सीट से उनका प्रत्याशी जीत की संभावनाओं के साथ मजबूती से मैदान में होगा।