भगवान श्रीकृष्ण की भव्य रथयात्रा, चेयरपर्सन नीलम धामा ने किया शुभारम्भ

भगवान श्रीकृष्ण की भव्य रथयात्रा, चेयरपर्सन नीलम धामा ने किया शुभारम्भ

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा।कस्बे में बुधवार को भगवान श्री कृष्णा की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल मनमोहक झांकियो को देखने के लिए पूरे समय लोगों की भीड़ जुटी रही। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।

यात्रा दोपहर करीब 12 बजे पूजा अर्चना के साथ बालाजी मंदिर से शुरू हुई। नगर पालिका चेयरपर्सन नीलम धामा ने फीता काटकर यात्रा का उद्घाटन किया। दिल्ली और यूपी के मशहूर बैंड बाजों के साथ यात्रा ने पांडव चौक, छोटा बाजार, बड़ा बाजार और जैन कॉलेज रोड पर भ्रमण किया। शाम करीब पांच बजे यात्रा गांधी मंडी पहुंची। वहां यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अशोक गुप्ता की फैक्ट्री में प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। इसके बाद यात्रा वापस रवाना हुई। जो देर शाम करीब 9 बजे ठाकुरद्वारा मंदिर पर पहुंची। वहां पूजा अर्चना के साथ भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा को बेदी पर विराजमान किया गया। 

यात्रा में एक दर्जन से अधिक भगवान श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित और देश भक्ति की झांकियां शामिल रही। इन मनमोहक झांकियो को देखने के लिए यात्रा में पूरे समय लोगों की भीड़ जुटी रही। मथुरा की भजन मंडली ने यात्रा की शोभा में चार चांद लगाए। श्रद्धालु मंडली के मनमोहक भजनों पर अबीर गुलाल उडाते हुए झूमे। यात्रा में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। यात्रा का संचालन जितेंद्र सिंहल, विपुल गुप्ता, तरुण गुप्ता, मुकेश गुप्ता, पैरी गुप्ता, विवेक, राजीव गोयल आदि ने किया।

यात्रा मार्ग पर लगे भंडारे

मुख्य बाजार में यात्रा मार्ग पर प्रसाद स्वरूप भोजन का वितरण भी किया गया। लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया।