डेरा प्रमुख तीसरी बार पैरोल लेकर बरनावा आश्रम पहुंचा, हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी साथ

डेरा प्रमुख तीसरी बार पैरोल लेकर बरनावा आश्रम पहुंचा, हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी साथ

संवाददाता मनोज कलीना

बिनौली | रोहतक की सुनारिया जेल से तीसरी बार 40 दिन की पैरोल पर डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह शनिवार को बरनावा आश्रम पहुंच गया। उसके साथ हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी आए हैं।

आश्रम के गेट पर लगा पुलिस का पहरा 

दुष्कर्म व हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से हरियाणा पुलिस सुरक्षा में लेकर दोपहर दो बजे निकली। जनपद में प्रवेश पर बागपत पुलिस प्रशाशन ने उसे सुरक्षा दी। साथ ही बरनावा स्थित डेरा आश्रम के मुख्य द्वार पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया। गुरमीत सिंह को पुलिस की चार गाड़ियों की सुरक्षा में लेकर सीओ बागपत डीके शर्मा व इंस्पेक्टर सलीम अहमद शाह सतनाम सिंह आश्रम बरनावा में शाम करीब 3.20 बजे पहुंचे ,जबकि सफेद रंग की चार गाड़ियों में से एक गाड़ी में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह था। उसके आश्रम में प्रवेश करते ही मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। गेट पर पुलिस का सख्त पहरा लगाया गया। साध संगत के आश्रम के अंदर प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। 

सीओ डीके शर्मा ने बताया कि, पैरोल के नियमों का पालन करते हुए आश्रम में भीड़ नहींं जुटने दी जाएगी। यदि नियमों का उलंघन हुआ तो कार्रवाई भी की जायेगी।
पैरोल पर बरनावा तीसरी बार आया डेरा प्रमुख

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह  बरनावा के शाह सतनाम सिंह आश्रम में पैरोल पर तीसरी बार आया है। यहां वह सबसे पहले गत वर्ष 17 जून को 30 दिन व 15 अक्टूबर को 40 दिन के पैरोल पर आया था। यहां समय बिताने के बाद पैरोल की अवधि पूरी होने पर 25 नवंबर को उसे वापस सुनारिया जेल ले जाया गया था। तीसरी बार भी वह 40 दिन के पैरोल पर बरनावा आश्रम में आया है।

डेरे के संस्थापक का 25 जनवरी को अवतार माह

डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के संस्थापक शाह सतनाम सिंह महाराज का 25 जनवरी को अवतार माह के आयोजनों को लेकर राम रहीम को पैरोल मंजूर किया गया है |