अमन जैसे युवा प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर जनपद को नई पहचान दिलाने को बेताब!

अमन जैसे युवा प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर जनपद को नई पहचान दिलाने को बेताब!

कांटेस्ट 360 की शुरुआत शून्य लागत से,  ₹2.5 लाख की आय का प्रोजेक्ट विस्तार पर होगा खर्च : अमन

बागपत। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में नवप्रवर्तन जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी में असंगठित क्षेत्र के विभिन्न मॉडलों में नेहरू युवा केंद्र से सम्बद्ध गांव ट्यौढी के उड़ान युवा मंडल के अध्यक्ष अमन कुमार व शिकोहपुर गांव के शशांक सिंह के सूचना संचार प्रौद्योगिकी आधारित प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 को मुख्य विकास अधिकारी मोतीलाल व्यास द्वारा बारीकी से समझा और देखा गया साथ ही सम्मानित भी किया गया। 

मुख्य विकास अधिकारी मोतीलाल व्यास ने अमन द्वारा जी 20 परिचर्चा में सदस्य देशों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयासों की भी सराहना की और कहा ,अमन जैसे युवाओं की उपलब्धियों पर जनपद गौरवान्वित है और बागपत की प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उन जैसे युवा जनपद की एक नई पहचान बना रहे हैं। नेहरू युवा केन्द्र बागपत के कार्यालय में जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने भी उनको सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं की।

अमन ने बताया कि, कॉन्टेस्ट 360 की शुरुआत उन्होंने शून्य लागत में की थी, जिसको इंटरनेट पर 67.6 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और आत्मनिर्भर बनने की राह पर अग्रसर होकर उन्होंने अभी तक प्रोजेक्ट से 2.5 लाख का मुनाफा लिया है, जिसको वो तकनीक के माध्यम से सामाजिक सुधार संबंधी अपने विभिन्न प्रोजेक्ट में खर्च कर रहे हैं। बताया कि, पूर्व में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा एप बनाया था ,जिसने जनपद में श्रावण मेले में 3 लाख से ज्यादा लोगों की यात्रा आसान बनाई थी। इसके अतिरिक्त उड़ान युवा मंडल ट्यौढी के अंतर्गत वो बेमिसाल बागपत प्रोजेक्ट पर भी कार्य कर रहे हैं, जिसमें बागपत को बेमिसाल बनाने वाले विशिष्ट व्यक्ति, स्थान, उपलब्धि, इतिहास आदि को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर संग्रहित कर उसके प्रचार प्रसार हेतु कार्य कर रहे हैं।