गठबंधन से भाजपा-रालोद दोनों को फायदाः योगेन्द्र चेयरमैन

हम अपने नेता जयंत चौधरी के साथ, जहां वे रहेंगे, हम वहीं रहेंगेः अमीर आलम खान भाजपा-रालोद गठबंधन से अखिलेश यादव का अहंकार होगा खत्म

गठबंधन से भाजपा-रालोद दोनों को फायदाः योगेन्द्र चेयरमैन
 
शामली। रालोद नेताओं ने कहा है कि भाजपा और रालोद का गठबंधन दोनों पार्टियों के लिए फायदेमंद होगा, इस गठबंधन से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का अहंकार भी खत्म होगा। उन्हानें कहा कि जहां जयंत चौधरी रहेंगे, रालोद का हर कार्यकर्ता उनके साथ रहेगा। गठबंधन में सीटों का फैसला जयंत चौधरी ही करेंगे।
रविवार को भैंसवाल रोड पर रालोद कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन ने कहा राज्यसभा में रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह के बोलने का मौका दिए जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद जयराम रमेश ने जो विरोध किया वह निंदनीय है। चौधरी चरण सिंह की मृत्यु को 37-38 साल हो गए। कांग्रेस ने कभी चौधरी चरण सिंह को सम्मान नहीं दिया, अब भाजपा ने उन्हें भारत रत्न दिया तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद अमीर आलम खान ने कहा कि हम सभी अपने नेता चौ. जयंत सिंह के साथ है, वो जहां भी रहेंगे हम वहीं रहेंगे। रही बात गठबंधन की और सीटे मिलने की तो यह राष्ट्रीय मुद्दा है। गठबंधन से रालोद और भाजपा दोनों को फायदा होगा। पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस ने कहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने से बहुत खुशी है। चौधरी चरण सिंह हर वर्ग का ख्याल रखते थे हर वर्ग के नेता थे। रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली ने कहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने से हर वर्ग में खुशी है। भारत सरकार ने करोड़ों की आवाज को समझा है। उन्होंने कहा अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव का अहंकार समाप्त हो जाएगा। रालोद प्रमुख चौ. जयंत सिंह किसान, मजदूरों की समस्याओं का हल कराएंगे। इस मौके पर प्रदेश महासचिव अरविंद झाल, विजय मलिक, विक्रांत उर्फ छोटा, युवा महासचिव हर्ष चौधरी, उमरदीन, सर्वेश सिंभालका आदि मौजूद रहे।