कैराना एमडीए विभाग जल्द करेगा अवैध कालोनियों पर कार्रवाई 

कैराना एमडीए विभाग जल्द करेगा अवैध कालोनियों पर कार्रवाई 
-तहसील प्रशासन ने एमडीए विभाग से वार्ता कर किया खाका तैयार
- वर्षों से चल रहे करोड़ों के अवैध कारोबार पर प्रशासन की हुई पैनी नजर 
- प्रोपर्टी डीलरों के ठेकेदार दफ्तरों के लगा रहे चक्कर नहीं बन रही बात 
कैराना। तहसील प्रशासन  अवैध कालोनियों पर बडी कार्रवाई की तैयारी में है।इसके लिए बाकायदा तौर पर एमडीए विभाग से भी बातचीत की जा रही है।जल्द ही इस पूरी कार्रवाई को तहसील प्रशासन व एमडीए विभाग संयुक्त रूप से अमली जामा पहनाने जा रहे हैं।जिसके लिए पूरा खाका तैयार भी कर लिया गया है।
नगर में मुख्य मार्गों व लिंक मार्गों पर अवैध कालोनियों का जाल फैला हुआ है,जिन पर कभी हरी भरी फसलें लहलहाती थी और फलदार पेड़ हुआ करते था। आज उनका कहीं अस्तित्व नहीं बचा है,सिर्फ चारों ओर यह कृषि भूमि बंजर नज़र आने लगी है। अगर जल्द ही इस पर प्रभावी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो आने वाली नस्लें फसलें देखने को तरस जाएंगी। करोड़ों के इस खेल में सिर्फ प्रॉपर्टी डीलर ही गुनहगार नही बल्कि सरकारी मातहत भी बराबर के दोषी हैं,जिन्होंने आंखों पर भ्रष्टाचार की पट्टी बांधकर हरे -भरे फलदार बागों को नष्ट कराकर भूमि को गेर कृषि घोषित कराने में अहम भूमिका निभाई है।
प्रॉपर्टी के इस अवैध खेल में शामिल लोग कुछ दिनों में ही करोड़पति व लखपति बन बैठे है। डीलर अपने खेल को जारी रखने के लिए सत्ताधारियों व अधिकारियों के दरबारों में हाजरी लगाकर एवं साठगांठ कर खूब चांदी काट रहे है। गत पांच दिन पूर्व तहसील प्रशासन की ओर से सांकेतिक कार्रवाई कर इन्हें चेतावनी दी गई थी।एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने सभी को सजग करते हुए कहा था कि सभी विभागों से तमाम मानकों को पूरा नहीं करने पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिससे तमाम डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है। वही वर्षों से डीलरों के संग मिलकर कार्य करने वाले एवं अधिकारियों में रसूख रखने वाले ठेकेदार प्रोपर्टी डीलरों को कार्रवाई से बचाने का झूठा दिलासा देकर उनसे अपना उल्लू सीधा करने में जुटे है। लेकिन जिला प्रशासन की सख्ती के बाद इस अवैध कारोबर पर अंकुश लगने जा रहा है।