मधुमक्खियों के हमले से किसान मजदूर घायल,वृद्ध किसान की गंभीर हालत में भर्ती

संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा।कस्बे के बड़ागांव रोड पर खेतों में गन्ने की कटाई कर रहे किसानों और मजदूरों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। घटना में 6 से अधिक किसान और मजदूर घायल हो गए, जबकि वृद्ध किसान विजयपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बड़ागांव रोड स्थित खेतों में कस्बे के मोहल्ला मुंडाला निवासी 80 वर्षीय वृद्ध किसान विजयपाल के गन्ने के खेत हैं। गुरुवार दोपहर वे अपने परिजनों और मजदूरों के साथ गन्ने की कटाई करा रहे थे। इसी दौरान गन्ने के झुंड में छिपे एक बड़े मधुमक्खी के छत्ते से अनजाने में छेड़छाड़ हो गई, जिससे मधुमक्खियां अचानक आक्रोशित हो उठीं और मजदूरों व किसानों पर हमला कर दिया।मधुमक्खियों के डंक लगते ही किसान और मजदूर घबराकर खेतों से भाग निकले, लेकिन वृद्ध किसान विजयपाल तेज़ी से भाग नहीं सके और मधुमक्खियों का शिकार बन गए। उन पर बार-बार डंक मारकर मधुमक्खियों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस दौरान मजदूर सुदेश, बीरसैन, राकेश, बिजेन्द्र आदि को भी मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया। कुछ देर बाद मधुमक्खियां शांत हुईं, तो परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह किसान विजयपाल को खेत से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद किसान और मजदूरों में दहशत का माहौल है।
कृषि वैज्ञानिक विकास बालियान ने बताया कि, इस समस्या से बचने के लिए किसानों को कटाई से पहले खेतों का अच्छी तरह निरीक्षण करना चाहिए। यदि कहीं मधुमक्खियों का छत्ता दिखे, तो उसे सुरक्षित तरीके से हटाने की व्यवस्था करनी चाहिए।