घटयात्रा के साथ प्रारम्भ हुआ पंचकल्याणक महामहोत्सव, पहले दिन आचार्य श्री का आगमन, घटयात्रा व झंडारोहण

घटयात्रा के साथ प्रारम्भ हुआ पंचकल्याणक महामहोत्सव, पहले दिन आचार्य श्री का आगमन, घटयात्रा व झंडारोहण

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा ।कस्बे में मज्जिनेन्द्र पार्श्वनाथ भगवान के भव्य मंदिर के लिए पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव रविवार सुबह घटयात्रा के साथ प्रारम्भ हो गया। जैन कालेज के मैदान में भव्य पंडाल में छह दिनों तक चलने वाले धार्मिक आयोजन में प्रथम दिन के धार्मिक अनुष्ठान विधि विधान से संपन्न हुए।

बता दें कि, कस्बे के बडागांव मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास निर्भय एंक्लेव में पार्श्वनाथ धरणेन्द्र पदमावती धाम परिसर में मज्जिनेन्द्र पारसनाथ भगवान का भव्य मंदिर तैयार हुआ है, जिसमें प्रतिमा की प्राणप्रतिष्ठा के लिए रविवार से छह दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव शुरू हो गया। 

इससे पूर्व आज सुबह अंकलीकर परम्परा के चतुर्थ पट्टाधीश आचार्य सुनील सागर महाराज ने 55 संतों के संघ के साथ कस्बे में मंगल प्रवेश किया। इसके बाद शांतिनाथ दिगम्बर जैन बडा मंदिर से घट यात्रा प्रारम्भ हुई। यात्रा बाजार से होते हुए जैन कालेज में कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। वहां ध्वजारोहण के साथ विधिवत् पूजा पाठ के कार्यक्रम प्रारम्भ हो गये। चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, भूमि शुद्धि, वेदी शुद्धि के पश्चात् आचार्य सुनील सागर महाराज और गणिनी आर्यिका सरस्वती माताजी ने प्रवचन किए। शाम के सत्र में इन्द्र दरबार, तत्वचर्चा, कुबेर द्वारा रत्न वृष्टि, माता वामादेवी की सेवा, माता द्वारा सोलह स्वप्न दर्शन, गीत नृत्य, गर्भ शोधन की क्रिया, गर्भावतरण की आंतरिक क्रियाएं आयोजित हुई। अनुष्ठान में देशभर से जैन धर्मावलम्बी शामिल हुए हैं,जिनके आवास आदि की नगर और‌ कार्यक्रम स्थल के पास की गई है।