जबरन KISS किया तो दांत से काटकर अलग किया होंठ:पैकेट में होंठ सील कर ले गई पुलिस, रेप करने आए युवक से भिड़ी महिला

मेरठ में एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को बचा लिया। वह रेप करने आए युवक से भिड़ गई। आरोपी ने जबरन किस करने की कोशिश की तो महिला ने दांत से काटकर उसके होंठ अलग कर दिए। होंठ कटते ही उसके मुंह से खून बहने लगा। वो दर्द से तड़पकर चिल्लाने लगा। महिला ने भी चीख-पुकार मचाई। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके होंठ के टुकड़े को पैकेट में सील किया। घायल आरोपी को नजदीकी सीएचसी ले गए। वहां उसका ट्रीटमेंट किया। यह पूरा मामला दरौला थाना क्षेत्र के एक गांव का शनिवार दोपहर का है। महिला ने लावड़ गांव के मोहित सैनी पर रेप की कोशिश, छेड़खानी की एफआईआर दर्ज कराई है।
खेत में काम कर रही थी महिला
पीड़िता ने बताया कि शनिवार दोपहर वह अपने खेत में काम कर रही थी। सन्नाटा था। आसपास कोई नहीं था। तभी एक युवक ने अचानक पीछे से आकर उसे दबोच लिया। वह घबरा गई। समझ नहीं पाई कि उसे किसने पकड़ा। महिला ने चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मुंह दबा लिया। तभी युवक उसे खेत में घसीटने लगा। उसके कपड़े फाड़ने लगा। जोर-जबरदस्ती करने लगा।
कुछ समझ नहीं आया तो होंठ काटकर अलग किया
पीड़िता ने बताया कि वह खुद को युवक से बचाने का पूरा प्रयास कर रही थी। तभी युवक जबरन किस करने लगा। खुद को बचाने के लिए महिला ने युवक के होंठों को अपने दांतों से जोर से काट लिया। गुस्से और घबराहट में महिला ने युवक के होंठ को ऐसे काटा कि उसका होंठ ही कटकर अलग हो गया। होंठ अलग होते ही वह दर्द से तड़पने लगा। तभी महिला ने शोर मचा दिया।
आसपास के लोगों ने पहुंचकर युवक को पकड़ा
शोर सुनकर खेत में आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। महिला ने पूरा वाकया बताया। लोगों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को सूचना देकर बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की।