धर्मवीर प्रजापति ने जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों से किया सीधा संवाद

धर्मवीर प्रजापति ने जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों से किया सीधा संवाद

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने आज जनपद रायबरेली के जिला कारागार का निरीक्षण किया एवं कारागार में ‘‘बन्दी कल्याणकारी एवं पुनर्वास सहकारी समिति’’ के कार्यालय का उदघाटन किया। उन्होंने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत कारागार में  निर्मित काष्ठ कला के उत्पादों का अवलोकन किया। माटी कला के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया तथा कारागार में निर्मित मिट्टी के दीपक , महिला बैरक में निर्मित डिजाइनर  दीपक पोशाक, झालर, एप्रन इत्यादि उत्पादों की प्रदर्शनी  का अवलोकन किया। तत्पश्चात कारागार में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित यज्ञ-हवन में भाग लिया। उन्होंने कारागार परिसर में स्थित नौगृह वाटिका में पौधारोपड़ किया गया।
श्री प्रजापति ने कारागार की महिला बैरक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अखिल भारतीय व्यापार मंडल के सौजन्य से महिला बंदियों को शॉल तथा उनके साथ रह रहे बच्चों को वस्त्र व उपहारों का वितरण किया।श्री धर्मवीर प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किया एवं  महिलाओं द्वारा तैयार किये गये वस्त्र आदि का अवलोकन किया। तत्पश्चात कारागार के बंदियों के मध्य सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि बन्दियों को अपने आचरण में सुधार लाना चाहिए तथा कारागार में रहते हुए कारागार के विभिन्न व्यवसायों में दक्ष होकर तथा कारागार में संचालित विभिन्न सुधार कार्यक्रमों में सुरुचिपूर्ण ढंग से भाग लेकर सभ्य नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार व अपर जिलाधिकारी वि0रा0 पूजा मिश्रा सहित जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें।