छठ पूजा पर यमुना पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मांगी मन्नतें

छठ पूजा पर यमुना पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मांगी मन्नतें

परिवार समेत यमुना पर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी शम्भूनाथ तिवारी

महिलाओं ने पूजा-अर्चना के बाद अस्त होते सूर्यदेव को दिया अर्घ्य

शामली,कैराना। छठ पूजा पर्व के अवसर पर उल्लास छाया रहा। यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने अस्त होते सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की और अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के साथ यमुना नदी पर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने भी धर्म लाभ उठाया।

रविवार को छठ पूजा का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। कैराना में यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर शाम के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान महिलाओं ने अस्त होते सूर्य की विशेष पूजा-अर्चना की तथा अर्घ्य दिया। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी शामली शंभूनाथ तिवारी भी अपनी पत्नी रत्ना नाथ तिवारी, पुत्र हर्ष तिवारी व कनिष्क एवं पुत्रवधु शिवांशी व गोल्डी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ में यमुना नदी पर पहुंचे। उनके परिवार की महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। सीडीओ ने बताया कि छठ पूजा पर्व बिहार व पूर्वांचल के लोगो का लोकप्रिय त्योहार है। चार दिनों तक छठ पूजा पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति एवं पुत्रों के आरोग्य तथा समस्त मानव जाति के कल्याण हेतु निर्जला व्रत रखकर सूर्यदेव की उपासना करती है। उन्होंने लोगो से छठ पूजा पर्व की शुभकामनाएं भी प्रेषित की है।