मिल से निकलने वाली छाई को लेकर भडकी शिवविहार की महिलाएं

मिल से निकलने वाली छाई को लेकर भडकी शिवविहार की महिलाएं

पॉलीथीन में छाई लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची, डीएम से कार्रवाई की मांग
कहाः छाई से बच्चों व बुजुर्गों में फैल रही बीमारियां
शामली। शहर के मौहल्ला शिव विहार की महिलाओं ने शामली शुगर मिल से निकलने वाली छाई से फैल रही बीमारियों पर आक्रोश जताते हुए डीएम से मिल से होने वाले इस प्रदूषण को रोकने की मांग की है। जानकारी के अनुसार शहर के मौहल्ला शिव विहार की महिलाओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शामली शुगर मिल से निकलने वाली छाई के कारण लोगों में फैल रही विभिन्न बीमारियों पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया तथा डीएम से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महिलाएं एक पॉलीथीन में मिल की छाई भी लेकर पहुंची। महिलाओं का कहना था कि शामली के मध्य सर शादीलाल एंटरप्राइजेज शुगर मिल स्थित है। पेराई के समय मिल की चिमनियों से जानलेवा छाई निकलती है जिस कारण बच्चों और बुजुर्गों पर गहरा असर पड रहा है। उन्हें आंखों की परेशानियों, सांस लेने में दिक्कत उठानी पड रही है, वहीं छतों पर कपडे सुखाने पर वे सारे छाई के चलते काले हो जाते हैं। मिल की छाई से मौहल्लेवासियों का जीना दुश्वार हो गया है। छतों के साथ-साथ मौहल्ले की सडकों पर भी छाई बिखरी रहती है जिससे दुपहिया वाहन चालकों के फिसलने का भी खतरा बना हुआ है। महिलाओं ने डीएम से इस समस्या से निजात दिलाए जाने की गुहार लगायी है। इस मौके पर उषा, रीतू, सरोज, नेहा, श्यामो, अशोक, अमृता, तनु, विजय तोमर, अमरेश, रूचि, प्रकाशी, बाला देवी, मुन्नी, राजदुलारी, विवेक रावत, ममता, ललित, गुलाबी, सविता, संजीव, सरिता, सावित्री, रेणू, कुसुम, रीति, रीता, अनिता, अमृता आदि भी मौजूद रही।