नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने शुरू की तैयारी

नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने शुरू की तैयारी

20 से 30 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में कराएगा किसान प्रतिनिधि सम्मेलन
11 सदस्यों की ग्राम समिति व नगरों में वार्ड संयोजकों की नियुक्ति की
शामली। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर 20 से 30 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में किसान प्रतिनिधि सम्मेलनों का आयोजन करेगा, इस सम्मेलन में लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
शुक्रवार को नगर पालिका में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल भूरा ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा नगर निकाय चुनावों को लेकर पूरे प्रदेश में 20 से 30 नवम्बर तक किसान प्रतिनिधि सम्मेलनों का आयोजन करेगा। सम्मेलन में वार्ड, किसान मोर्चा समिति के सदस्य, मंडल की टीम, वार्डों के संयोजक, निकाय सीमा में आने वाले गांवों के किसान, फल, सब्जी, अनाज व कृषि संबंधी कारोबार करने वाले व्यापारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इन सम्मेलनो के माध्यम से भाजपा सरकार के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के तहत लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। किसान मोर्चा नगर निकाय चुनाव में हर बूथ पर कार्य करेगा। इस मौके पर निकाय चुनाव के संयोजकों की भी घोषणा की गयी जिसमें शामली नगर पालिका से संजीव मलिक जिला महामंत्री, कांधला नगर पालिका से रविन्द्र चौहान जिला कार्यालय प्रभारी, कैराना नगर पालिका से अरूण चौहान जिला कार्यकारिणी सदस्य, नगर पंचायत थानाभवन से ठा. चमन सिंह जिला मंत्री, नगर पंचायत जलालाबाद से विनोद तोमर सोशल मीडिया प्रभारी, नगर पंचायत बनत से चंद्रपाल निर्वाल जिला मीडिया प्रभारी, नगर पंचायत एलम से ब्रहमपाल चौहान जिला मंत्री, नगर पंचायत झिंझाना से चौ. गुलबीर जिला उपाध्यक्ष, नगर पंचायत गढीपुख्ता से योगेश चेयरमैन जिला उपाध्यक्ष व नगर पंचायत ऊन से राजकुमार शर्मा जिला महामंत्री को संयोजक बनाया गया है। सत्यपाल भूरा ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा ने जिस प्रकार 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव तथा 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताने के लिए अनेक प्रकार के अभियान चलाए थे, इसी प्रकार नगर निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत सीटें भाजपा जीते, इसके लिए किसान मोर्चा अपनी पूरी ताकत लगाएगा। उन्होंने बताया कि 20 से 30 नवम्बर के बीच पूरे प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों में किसान प्रतिनिधि सम्मेलनों के आयोजन कराए जाएंगे जिसके लिए किसान मोर्चा ने 11 सदस्यों की ग्राम समिति व नगरों में वार्ड संयोजक बनाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 45 लाख 50 हजार से अधिक पक्के घरों का निर्माण कराया, लाभार्थियों के खाते में ऑनलाइन माध्यम से 27727 करोड की धनराशि पहुंचाई, रेहडी, पटरी व ठेला लगाने वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रुपये का वार्षिक अनुदान आधारित ऋण उपलब्ध कराया, इसके अलावा लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया। इस अवसर पर जिला महामंत्री संजीव मलिक, राजकुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश सिंह  चेयरमैन, जिला मंत्री ब्रहमपाल चौहान, मीडिया प्रभारी विनोद तोमर, रविन्द्र, चंदपाल निर्वाल, हरेन्द्र प्रधान, वेदपाल, रिषिपाल आदि मौजूद रहे।