सरकार आपकी है,समुचित कार्यवाही होगी - योगी आदित्य नाथ
अपने गोरख़पुर प्रवास के तीसरे दिन प्रदेश के मुख़्य मंत्री योगी आदित्य नाथ आज जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम जनता से अति पारिवारिक व सह्रदय हो कर मिले और जन मानस को समस्याओं के जल्द निस्तारण हेतु आशान्वित करते हुऐ ढाढस बँधाया।

सं.सू/ब्यूरो महेंद्र राज
गोरखनाथ मंदिर में दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने करीब 400 लोगों से मुलाकात की।वहाँ कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे योगी और इत्मीनान से समस्या सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए तथा अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समय से,निष्पक्ष और सन्तुष्टि परक होना चाहिए। अपराध से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पारिवारिक संपत्ति विवाद के मामलों में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिवार के दोनों पक्षों को एकसाथ बैठाकर विवाद का कानून सम्मत हल करने का प्रयास किया जाए। यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में रविवार को भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे।मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं,प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए।