गुरुकुल विद्यापीठ व आदर्श पब्लिक स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस पर हुए कार्यक्रम प्रतियोगिता व पौधारोपण

संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा। गुरुकुल विद्यापीठ में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या प्रभा सिंघल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।इस दौरान विद्यार्थियों ने "वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ", "जल है तो कल है", "मुझे मत काटो" जैसे विषयों पर प्रभावशाली पोस्टर प्रस्तुत किए।
उप प्रधानाचार्या राखी झा ने बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरणीय संकट और ग्लोबल वॉर्मिंग जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों ने कविता और स्लोगनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
आदर्श पब्लिक स्कूल में छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कस्बे के आदर्श पब्लिक स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने पेड़-पौधे, पृथ्वी और नदियों की भूमिका निभाते हुए रोल प्ले के माध्यम से पर्यावरणीय समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट किया।रितिका, रूही, ईशाना, अलिशा, आहिल, कौस्तुभ, समीर, कियाँश, परिधि और दक्षिका ने लघु नाटिका के माध्यम से धरती के संरक्षण का संदेश देते हुए सभी को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पृथ्वी दिवस 2025 की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ब्रह्मांड” को भी रेखांकित किया गया। प्रधानाचार्या कोमल शर्मा ने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई और प्लास्टिक के अत्यधिक प्रयोग से पृथ्वी पर गंभीर खतरे मंडरा रहे हैं। बताया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाना, प्लास्टिक का प्रयोग कम करना और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। इस दौरान शिक्षकों व अभिभावकों की उपस्थिति के बीच छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।