चित्रकूट-हिन्दू वादी संगठनों ने पूरे उत्साह के साथ निकाली भव्य शोभा यात्रा।

चित्रकूट-हिन्दू वादी संगठनों ने पूरे उत्साह के साथ निकाली भव्य शोभा यात्रा।

चित्रकूट: श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा अभियान समिति, विश्व हिन्दू परिषद, गायत्री शक्तिपीठ महिला मण्डल, दुर्गा वाहिनी समेत विभिन्न हिन्दू वादी संगठनों ने शुक्रवार को नगर में विशाल शोभा यात्रा निकालकर भ्रमण किया। शोभा यात्रा के संघ कार्यालय पहुंचने पर अक्षत कलश की स्थापना मंत्रों के साथ करने के बाद श्रीरामचरित मानस पाठ शुरू किया गया। शनिवार को पाठ समापन के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। 

    श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा अभियान समिति व विश्व हिन्दू परिषद ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय से शोभा यात्रा निकाली। बैण्ड बाजों और भगवान श्रीराम की झांकियों से सजी शोभा यात्रा चित्रकूट इण्टर काॅजेल से निकलने के बाद संघ के जिला कार्यालय केशवकुंज तक पहुंची। यहां अखण्ड श्रीरामचरित मानस पाठ, भजन संकीर्तन एवं अखण्ड दण्ड प्रहार का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला प्रचारक पुनीत ने बताया कि धर्म व समाज की रक्षा के लिए संघ स्वयं सेवक अनवरत काम कर रहे हैं। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह को श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे नवीन मन्दिर भूतल के गर्भ गृह में विराजित करके प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। राष्ट्रभक्ति व प्रभु श्रीराम के काज में हिन्दू समाज को सम्बल देते हुए इस राष्ट्र के परम वैभवी स्वरूप की सिद्धता में सभी लोग सहयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में आज श्रीराम मन्दिर पूजित अक्षत कलश विशाल शोभा यात्रा निकाली गयी है। विहिप के जिला संगठन मंत्री ऋषभ ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मन्दिर में पूजा अर्चना शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के प्रत्येक खण्ड प्रखण्ड, ग्राम स्तर पर बने मन्दिरों में विहिप कार्यकर्ता पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्जवलन का कार्य करेंगे। गायत्री शक्ति पीठ के व्यवस्थापक डाॅ रामनारायण त्रिपाठी ने कहा कि पूरे समाज के लिए उत्सव का अवसर है। बच्चे, बूढे, जवान और महिलाओं में उत्साह नजर आ रहा है। 

   इस मौके पर संत मदन गोपाल दास, महंत दिव्य जीवन दास, विहिप जिलाध्यक्ष राजेन्द्र त्रिवेदी, विहिप के विभाग समरसता प्रमुख रामचरण तिवारी, रामाधार शुक्ला, संघ के नगर कार्यवाह विजय किशोर, विहिप के सह जिला संयोजक अव्यय गौतम, शिवेन्द्र सिंह, अंजनी शुक्ला, रवि करवरिया आदि मौजूद रहे।