विश्व हिंदी दिवस पर दुबई में डॉ. ललित कुमार सिंह का विशिष्ट व्याख्यान।
चित्रकूट ब्यूरो, 5 जनवरी 2025: महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार सिंह को एक अहम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपने शोध को प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। आगामी 10 और 11 जनवरी को अबू धाबी विश्वविद्यालय, दुबई में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्याख्यान में डॉ. सिंह "हिंदी भाषा के विकास में हिंदी सिनेमा के योगदान" विषय पर व्याख्यान देंगे।
यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम अबू धाबी विश्वविद्यालय और साहित्य संचय शोध संवाद फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें दुनिया भर के विद्वान और हिंदी भाषा से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। डॉ. सिंह के व्याख्यान को लेकर ग्रामोदय विश्वविद्यालय में हर्ष और गर्व का माहौल है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा ने डॉ. ललित कुमार सिंह को इस विशिष्ट व्याख्यान के लिए दुबई भेजे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "यह सम्मान न केवल डॉ. सिंह के लिए, बल्कि हमारे विश्वविद्यालय और हिंदी जगत के लिए भी गर्व की बात है।" कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. नंदलाल मिश्र ने भी इस अवसर पर खुशी जताई और विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सिंह के शोध परक व्याख्यान से ग्रामोदय विश्वविद्यालय को हिंदी जगत में एक नई पहचान मिलेगी।
यह आयोजन हिंदी भाषा और सिनेमा के महत्व को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, और डॉ. सिंह के योगदान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलेगी।