उन्नाव में महिला उत्पीड़न की रोकथाम पर जनसुनवाई, त्वरित न्याय दिलाने पर जोर

बीते दिवस उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या एकता सिंह ने निरीक्षण भवन (पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस), उन्नाव में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जनसुनवाई की। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न के प्रकरणों की समीक्षा की गई।
जनसुनवाई में कुल 13 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस दौरान महिलाओं और बच्चों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण
सदस्य एकता सिंह ने सिकंदरपुर सरोसी विकासखंड के ग्राम मैनीखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर बैठक
तत्पश्चात,विकासखंड बिछिया सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे। इस बैठक में मा0 सदस्य ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर, श्रीमती सोनम सिंह, नगर क्षेत्राधिकारी, श्री अवधेश कुमार (प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी), महिला थाना प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन और जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
न्याय दिलाने और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कदम
महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और जनसामान्य को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के प्रयासों के साथ, यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।