चित्रकूट -किसान समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन ।

चित्रकूट -किसान समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन ।

भारतीय किसान संघ ने फसल अवशेष पराली जलाने के मामले में गुरूवार को मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। 

   संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय और जिला मंत्री वंशरूप समेत तमाम संघ कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को मुख्यमंत्री को सम्बोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टरेट में उप जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन के लिए उच्चतम न्यायालय की भावना के अनुसार किसानों के लिए मलचर, सुपर सीडर, एमवी प्लाउ आदि मशीने निशुल्क उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही इन मशीनों में प्रयोग होने वाला आवश्यक ईधन और जन शक्ति के श्रम राशि को भी किसानों को दिया जाए। साथ ही किसान की सम्पूर्ण पराली को सरकार द्वारा न्यूनतम मूल्य निर्धारित कर खरीदा जाए। उन्होंन बताया कि सरकार ने किसान हितों के लिए सकारात्मक सोंच रखकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए तमाम प्रकार की योजनाओं का संचालन किया है। इसके बावजूद फसल अवशेष पराली जलाने के मामलों में किसानों को अर्थदण्ड और दण्डात्मक कार्यवाही का शिकार बनाना आपत्तिजनक है। देश में किसान 96 फीसदी आक्सीजन उत्पादन और मात्र चार फीसदी कार्बन उत्सर्जन करता है। जबकि उद्योगों, वायुयान और वाहनों आदि से 96 फीसदी कार्बन उत्सर्जन होता है, किन्तु उनके विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं होती है। भारतीय किसान संघ ने सुझाव दिया था कि जब तक सरकार किसान की पराली के प्रबंधन व खरीददारी की समुचित व्यवस्था नहीं कर लेती है तब तक किसानों पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही न की जाए।