चित्रकूट -बीमारियों से बचने के लिए उर्वरकों का प्रयोग न करके जैविक खेती को दें बढावा - सांसद।

चित्रकूट -बीमारियों से बचने के लिए उर्वरकों का प्रयोग न करके जैविक खेती को दें बढावा - सांसद।

चित्रकूट: सांसद आर के सिंह पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी अमृत पाल कौर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में सोमवार को कालूपुर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना वर्ष 2023-24 का दो दिवसीय किसान मेला गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ फीता काट कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। सांसद, जिलाधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी अवलोकन किया। 

    सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि आज हर किसानों के दरवाजे तक कीटनाशक दवा, खेतों को सीचने की व्यवस्था, उर्वरक आदि पहुंचाने के लिए सरकार सभी स्तरों पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान खेत के साथ बकरी, भेड व अन्य पशु पालन का कार्य करेंगे तो दिल्ली, हरियाणा में जाकर कार्य करने की जरूरत नहीं पडेगी। उन्होंने कहा कि पहले किसानों के घर में ही सब्जियां पैदा होती थी। कुछ ही सामान बाहर से मंगाया जाता था। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की किल्लत होती थी। इससे पहले ही किसान सब्जियों से बरी बना लिया करते थे। जिसका उपयोग सब्जियां बनाने के लिए किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश किसानों के घर में सब्जियां खरीदी जाती है। आज लौकी व अन्य सब्जियों को इंजेक्शन के माध्यम से बढाया जा रहा है जो जहर का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा बीमारियों के लिए पैसा भी दिया जा रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि सभी लोग बीमारियों से बचने के लिए उर्वरकों का प्रयोग न करके जैविक खेती की तरफ बढ़े। उन्होंने कहा कि असली किसान की यह पहचान, खेती बाडी दुग्ध दुहान यह जिन किसानों के पास है वह विकसित किसान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विकसित भारत की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित बनाने में किसानों का पूर्ण सहयोग जरूरी है।

   जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए नई-नई योजनाएं लाई जा रही हैं, जिससे किसानों की आय दोगुनी हो सके। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पानी की समस्या है। अटल भूजल व अन्य पानी की योजनाओं से बुन्देलखण्ड को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए स्प्रिंकलर दिया जा रहा है, जिससे कि कम पानी का दोहन हो व अच्छी सिंचाई हो। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुसम्मी, नींबू, फूलो पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि गेहूं, धान से अलग खेती करें तो किसानों की आय बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ किसान सब्जियों, फल, दलहन और तिलहन की खेती का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएफएमएसई में किसानों द्वारा संगठन बनाकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संकल्पना स्वर्णिम भारत की ओर है, उस ओर बढ रहे हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कृषि व औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रगतिशील किसान लौकी में प्यारेलाल प्रजापति बनकट, शंकर लाल संग्रामपुर, बैगन में संतोष सिंह छिपनी, प्याज में मोहनलाल भभौर, आंवला, नींबू में नरेश सिंह रेहुंटिया, खीरा में दिनेश सिंह सिद्धपुर, आलू में बदलू सीतापुर, मिर्च आमरूद में शिवचंद्र ददरी मऊ, गुलाब गेंदा में सविता देवी डिलौरा, आम आलू में पूरन सिंह लौंढिया आदि किसानों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।

     इस मौके पर जिला विकास अधिकारी आर के त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक राजकुमार, जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पांडेय, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, मानिकपुर विधायक रवि त्रिपाठी, राजकुमार त्रिपाठी, शिवाकांत आदि मौजूद रहे।