मिल से निकलने वाली छाई से निजात की मांग

शामली। विश्व हिन्दू महासंघ के मंडल प्रभारी सहारनपुर पंकज वालिया ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य भिखारी प्रजापति से शामली शुगर मिल से निकलने वाली छाई से जनता को निजात दिलाए जाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार विश्व हिन्दू महासंघ के मंडल प्रभारी सहारनपुर पंकज वालिया ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य भिखारी प्रजापति को भेजे एक ज्ञापन में कहा है कि शामली शहर के मध्य में सर शादीलाल एंटरप्राइजेज मिल स्थित है। मिल में पेराई सत्र के दौरान जब शुगर मिल वर्किंग पीरियड में होता है तो मिल की चिमनियों से जानलेवा काली छाई निकलती है जो हवा में उडकर आसपास रहने वाले लोगों के मकानों के अलावा दूर दराज तक फैल जाती है जिससे लोगों को कई तरह की बीमारियों से जूझना पडता है। दमा के मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानियां उठानी पडती है, वहीं छतों पर सुखाए गए कपडों के अलावा खाने पीने की चीज भी खराब हो जाती है जिससे लोगों को नुकसान उठाना पडता है। विभिन्न संगठनों द्वारा पहले भी जिला प्रशासन से कई बार समस्या के समाधान की गुहार लगायी जा चुकी है, प्रशासन द्वारा कई बार मिल को नोटिस भी जारी किए गए लेकिन आज तक कोई निदान नहीं हुआ। उन्होंने बोर्ड के सदस्य से छाई की समस्या से जनता को निजात दिलाए जाने की मांग की है।