भूमाफियाओं को चिन्हित  करने में जुटा तहसील प्रशासन 

भूमाफियाओं को चिन्हित  करने में जुटा तहसील प्रशासन 
अवैध कालोनियों के कारोबार में चंद दिनों में करोड़पति बन बैठे लोगों को भूमाफिया किया जाएगा घोषित 
कैराना। गत चार पांच वर्षों से नगर में अवैध कालोनियों के कारोबार की जड़े पाताल तक पहुँच गई है। कालोनियों के खेल में शामिल  दर्जनभर से अधिक लोगों ने मोटा धन अर्जित कर अपना रुतबा स्थापित किया है। जिला प्रशासन अब इस खेल पर निष्पक्ष कार्रवाई कर पूर्णतः अंकुश लगवाने जा रहा है। तहसील प्रशासन उच्चधिकारियों के निर्देश पर भूमाफियाओं की सूची तैयार करने में जुटा है। जल्द ही भूमाफियाओं पर शिकंजा कसा जाएगा। 
नगर के मुख्य मार्ग, तितरवाड़ा, मायापुर, पंजीठ, खुरगान, रामडा, अफगानान बारातघर के निकट, झिंझाना आदि मार्गों पर बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। यह सब प्लाटिंग पूर्ण रूप से अवैध कालोनी के दायरे में आती है। जिला प्रशासन के निर्देश पर जल्द कई विभागों की टीम  गठित कर बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। जिसके बाद इस कारोबार पर अंकुश लगाया जाएगा। सभी विभागों की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र एवं मानक पूरे होने के बाद ही डीलर प्लाट काट सकेंगे। 
 कई वर्षों से चल रहे कारोबार की जड़े है गहरी
नगर एवं क्षेत्र में कई वर्षों से बड़े पैमाने पर कटी जारही कालोनी प्रशासन की  नज़रों से बची हुई नहीं थी। इस कारोबार में संलिप्त लोग नेताओं के दरबार से लेकर तमाम जगहों पर अपनी सेटिंग बनाये हुए थे। जिसके चलते हमेशा कार्रवाई से बचते रहे है। लेकिन इस बार प्रशासन कोई कसर बाकी नहीं छोड़ने वाला है। गत शुक्रवार को शामली कलेक्ट्रेट में जनपद के तमाम एसडीएम, तहसीलदार व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर एडीएम संतोष कुमर ने निर्देश दिए थे कि भूमाफियाओं को चिन्हित कर अवैध कालोनियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।