घरेलू विवाद में ससुराल वालों ने जानलेवा हमला किया 

घरेलू विवाद में ससुराल वालों ने जानलेवा हमला किया 

निजी सवांददाता - देवेन्द्र राणा फौजी 

- चाकू लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से गंभीर रूप से किया घायल

- पुलिस को शिकायत के बाद कार्रवाई ना होने के कारण हुई घटना

थानाभवन- पत्नी के संग चल रहे घरेलू विवाद के कारण ससुराल वालों ने चाकू लाठी-डंडों लोहे की रॉड आदि से हमला बोलकर व्यक्ति को बुरी तरह से घायल कर दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया तो लहूलुहान हालत में व्यक्ति को छोड़कर आरोपित फरार हो गए। घायल ने बताया कि उसने हमले की आशंका जताकर पुलिस अधीक्षक एवं थानाभवन पुलिस को भी तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई ना होने के चलते उक्त लोगों ने आज हमला बोलकर उसे मारने की कोशिश की है। घायल को लोगों की सूचना के बाद पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से गंभीर हालत के चलते उसे रेफर किया गया है।

जनपद शामली के थानाभवन के गांव नोजल निवासी धर्मेंद्र पाल पुत्र योगराज ने बताया कि 4 साल पहले उसकी शादी थानाभवन क्षेत्र के कस्बा जलालाबाद में धर्मवीर पाल बीजेपी महिला जिलाध्यक्ष की लड़की राखी के साथ हुई थी। उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा है। वह थानाभवन सरकारी अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा है। आज जब वह ड्यूटी खत्म कर अपने गांव लौट रहा था। तभी रसीद गढ़ नोजल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के नजदीक पहले से ही योजना बनाकर खड़े उसके साले एवं उसकी पत्नी के चाचा और कई अज्ञात लोगों ने लोहे की रॉड चाकू लाठी-डंडों से उस पर अचानक हमला बोल दिया। उसने अपने बचाव में शोर मचाया तो आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जिसके कारण उक्त लोग उसे घटनास्थल पर ही लहूलुहान छोड़कर फरार हो गए। वही खेत में काम करने वाले किसानो ने थानाभवन पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मेंद्र को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां घायल अवस्था के चलते उसे रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पाल की शादी बीजेपी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कुसुम लता पाल की लड़की से हुई है। धर्मेंद्र पाल ने बताया इससे पहले भी उसके साले और अन्य लोग उसे मारने के लिए सरकारी अस्पताल में भी पहुंचे थे। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पुलिस अधीक्षक एवं थानाभवन पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपनी जान को खतरा बताया था। युवक ने बताया कि पुलिस अगर समय रहते कार्रवाई कर देती तो आज की घटना ना होती। आज उक्त लोगों ने उसे जान से मारने की कोशिश की है। फिलहाल इस मामले में युवक की ओर से अभी तक तहरीर नहीं आई थी। सरेआम मारपीट की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी है। खेत में काम करने वाले लोगों ने बताया कि जब उन्हें मारपीट होती दिखाई दी और शोर सुनाई दिया तब वह घटनास्थल की ओर दौड़े जिस कारण हमलावर फरार हो गए। इस मामले में बीजेपी महिला जिला अध्यक्ष कुसुमलता पाल ने बताया कि धर्मेंद्र पाल से उनकी लड़की की 4 साल पहले शादी हुई थी जिसका विवाद चल रहा है, लेकिन मारपीट की इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है ना ही उन्हें जानकारी है कि किसने उसके साथ मारपीट की है उसके द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।