भाजपा नेता समेत पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज , उत्पीडन से तंग आकर फांसी पर लटकी थी विवाहिता

भाजपा नेता पर पति के सामने ही दुष्कर्म का आरोप
संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा ।क्षेत्र के नंगला बड़ी गांव में फांसी के फंदे पर लटके मिले विवाहिता के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में ससुरालियों के साथ एक भाजपा नेता को भी नामजद किया गया है।
क्षेत्र के नंगलाबड़ी गांव में पिछले वर्ष 11 दिसंबर को विवाहिता का शव घर में ही फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मृतका की मां ने तभी कोतवाली पर पुत्री की हत्या किए जाने की तहरीर दी थी। आरोप था कि, उसकी सास, ससुर, ननद और ननदोई दहेज के लिए इसका उत्पीडन करते थे। पति से शिकायत करती थी, तो वह उसकी पिटाई करता था। पुत्री ने उनकी शिकायत पुलिस में की ,तो पति ने पड़ोसी गांव के भाजपा नेता से दोस्ती कर ली।
तहरीर में बताया कि, भाजपा नेता के दबाव में पुलिस ने पुत्री की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद भाजपा नेता ने, उसके पति के सामने ही शराब के नशे में पुत्री के साथ दुष्कर्म भी किया। विरोध करने पर उसकी बुरी तरह पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर कानूनी शिकंजे से बचने के लिए उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया।
कोतवाली प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि, जांच में शिकायत सही मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमे में पति, सास, ससुर, ननद और भाजपा नेता को नामजद किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। जल्दी उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
*मृतका का वीडियो भी हुआ था वायरल*
नंगला बडी की विवाहिता ने फांसी लगाने से पहले ,सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियों भी डाला था। इसमें उसने अपनी मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग भी की है। वह वीडियों वायरल होने के बाद ,पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया और अब पुलिस आरोपी भाजपा नेता की गिरफतारी में जुट गई है।