लुटेरी दुल्हन जेवरात नकदी लेकर फरार:रात में परिवार को किया बेहोश, 80 हजार रुपए देकर युवक ने तय किया था रिश्ता

लुटेरी दुल्हन जेवरात नकदी लेकर फरार:रात में परिवार को किया बेहोश, 80 हजार रुपए देकर युवक ने तय किया था रिश्ता

कन्नौज में लुटेरी दुल्हन परिवार को बेहोश कर नकदी-जेवरात लेकर फरार हो गई। एक दिन पहले ही मंदिर में शादी हुई थी। युवक के परिजनों ने यह रिश्ता 80 हजार रुपए देकर तय किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना जिले के छिबरामऊ के असालतनगर गांव की है। मंगलवार की रात दुल्हन परिवार को बेहोश कर फरार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। शादी के लिए तहसील में स्टांप पर लिखा पढ़ी भी कराई गई थी।

बैजूरामपुर के युवक ने तय कराया था रिश्ता

कोतवाली क्षेत्र के असालतनगर निवासी रिंकू पुत्र रामचंद्र हलवाई है। 4 भाइयों में वह दूसरे नंबर का है। बड़े भाई की शादी हो चुकी है। रिंकू (25) की शादी के लिए परिजन काफी समय से परेशान थे। रिंकू की मां रामदुलारी ने बताया कि बैजूरामपुर निवासी सुरजीत से उनकी बातचीत हुई। उसने बेटे की शादी कराने का भरोसा दिलाया। रिंकू शादी के नाम पर पहले 15 हजार रुपए ले गया। बाद में पांच हजार रुपए और लिए।

पूजा से तय हुई शादी

आजमगढ़ जनपद के पलिया गांव की पूजा नाम की लड़की से उसकी शादी की बात 60 हजार रुपए में पक्की कर दी। सोमवार को सुरजीत लड़की पूजा और उसके अन्य परिजनों के साथ उनके घर पहुंचे। पूरी बात तय हो जाने के बाद 60 हजार रुपए दुल्हन पक्ष के परिजनों को दिए गए। इसके बाद वह लोग कालिका देवी मंदिर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद रिंकू ने दुल्हन पूजा की मांग भरी। यहां स्थित गमादेवी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण हुआ। खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए।

रात डेढ़ बजे सुंघाया नशा

परिजनों के अनुसार देर रात करीब डेढ़ बजे नई नवेली दुल्हन ने दूल्हा समेत उसके परिजनों और रिश्तेदारों को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे सभी बेहोशी की हालत में हो गए। दुल्हन ने घर में रखे जेवरात और नकदी समेट लिए। छत पर लेटे दूल्हा रिंकू और भांजा शिवम की किसी तरह खुल गई। सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। वे परिजनों को जगाने की कोशिश करते रहे, इसके बावजूद वे जगे नहीं।