मेरठ: विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज के लिए घर से निकाला, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

मेरठ: विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज के लिए घर से निकाला, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

 

मेरठ, थाना लोहियानगर: जनपद मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल वालों द्वारा घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शादी में मिला दहेज भी नहीं आया रास

पीड़िता महविधा पुत्री मौ० हाशिम, निवासी नू चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल, जाकिर कॉलोनी, थाना लोहियानगर, मेरठ ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2023 को वसीम पुत्र सिराजुद्दीन निवासी जाकिर कॉलोनी, चमड़ा पैठ, मेरठ के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी में पीड़िता के पिता ने अपनी सामर्थ्य से अधिक दान-दहेज दिया, जिसमें घरेलू सामान, कपड़े, स्कूटर और 31,000 रुपये नकद शामिल थे।

ननद-ननदोई करते थे मानसिक उत्पीड़न

महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति वसीम, सास नाजरीन, ससुर सिराजुद्दीन, ननद फरहा और ननदोई शादाब पुत्र रईस दहेज कम मिलने की बात कहकर उसे ताने देते थे। ननद जब भी घर आती, तो उसे दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका ननदोई शादाब उस पर गलत नजर रखता था और जब भी मौका मिलता, तो छेड़छाड़ करने की कोशिश करता था। जब उसने यह बात अपने ससुराल वालों को बताई, तो उन्होंने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया, बल्कि उसके साथ मारपीट करने लगे।

दहेज के लिए घर से निकाला

पीड़िता ने बताया कि 15 जून 2024 की सुबह 7 बजे पति वसीम, सास, ससुर, ननद और ननदोई ने मिलकर उससे बैगनार गाड़ी और सोने के गहने लाने की मांग की। जब उसने असमर्थता जताई, तो उसे मारपीट कर आधे कपड़ों में ही घर से बाहर निकाल दिया।

बाद में, उसके पिता और भाई ने समझौता कराकर उसे दोबारा ससुराल भेजा, लेकिन 20 जनवरी 2025 को फिर से वही घटना दोहराई गई। ससुराल पक्ष ने एक बार फिर दहेज की मांग को लेकर मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया।

पुलिस से न्याय की गुहार

पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष उसे और उसके बच्चे को अपनाने से इनकार कर रहा है और लगातार दहेज की मांग पर अड़ा हुआ है। पीड़िता ने थाना लोहियानगर में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।