मेरठ: मजदूरी कर लौट रही महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी खुलेआम घूम रहे

मेरठ: मजदूरी कर लौट रही महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी खुलेआम घूम रहे

मेरठ, थाना खरखौदा: जनपद मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में एक मजदूर महिला के साथ दो व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।

घटना का विवरण

पीड़िता  थाना खरखौदा, मेरठ की रहने वाली  मजदूर महिला है। उसने बताया कि 30 नवंबर 2024 की रात करीब 8:00 बजे वह अपनी मजदूरी का कार्य समाप्त कर गांव लौट रही थी। तभी रास्ते में भट्ठे के पास बिजली मेरठ निवासी भूरा पुत्र रफीक और उसका एक रिश्तेदार मिले।

पीड़िता के अनुसार, दोनों ने उसे जबरदस्ती खींचकर भट्ठे पर ले गए और उसके कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने उसके साथ जबरदस्ती करने और अप्राकृतिक कृत्य करने की कोशिश की, जिससे वह इतनी डर गई कि वहीं पर शारीरिक असहजता की स्थिति में पहुंच गई। शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकले।

पुलिस पर मिलीभगत का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब वह थाने पहुंची तो पुलिस ने उचित धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया। यहां तक कि जांच अधिकारी ने भी आरोपियों से साठगांठ कर रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही बरती। महिला का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

पीड़िता को लगातार मिल रही धमकियां

पीड़िता के अनुसार, आरोपी खुलेआम कह रहे हैं कि "अगर तेरी और मुख्यमंत्री की बेटी से कुछ हो गया तो क्या बिगाड़ लिया?" उन्होंने उसे फिर से बलात्कार और हत्या की धमकी दी है। महिला का कहना है कि आरोपी उसका पीछा कर रहे हैं और लगातार पैसों की मांग कर रहे हैं।

महिला ने की सुरक्षा और न्याय की मांग

पीड़िता ने  वरिष्ट  पुलिस अधीक्षक मेरठ से गुहार लगाई है कि वह थाना खरखौदा को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दें और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। महिला का कहना है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार की होगी।