अग्निवीर युवक चला दूसरी शादी करने, भांडा फूटते ही दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे व बारात को बनाया बंधक

संवाददाता नीतीश कौशिक
बागपत। जनपद के मुकंदपुर औगटी गांव में मेरठ से बारात लेकर आए दूल्हे अग्निवीर की पहली शादी का भांडा फूटने पर दुल्हन पक्ष सहित गांव के लोग भी आक्रोशित हो गए। जिस पर उन्होंने दूल्हे व उसके दोस्तों की पिटाई कर बारात को बंधक बना लिया।वहीं दुल्हन पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। बाद में पंचायत में समझौता होने के बाद ही दूल्हे और उसके पिता समेत दर्जनभर लोगों को वहीं रोककर शेष बारातियों को वापस जाने दिया गया।
पिलाना क्षेत्र के औगटी गांव में गत शनिवार को एक बारात मेरठ जिले के एक गांव से आई थी। इस दौरान पूरे हर्ष और उल्लास से बारात का स्वागत किया गया तथा बाद में चढ़त होने लगी थी।इसी दौरान लड़की पक्ष को किसी ने व्हाट्सएप पर दूल्हे की पहली शादी के फोटो भेज दिए। गांव के लोग आक्रोशित हो गए और दूल्हे व बारातियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। बताया कि, मेरठ के जंगेठी गांव का रहने वाला विपुल, जो अग्निवीर के रूप में सेना में कार्यरत है, वह अपनी दूसरी शादी करने के प्रयास में फंस गया। बताया गया कि,विपुल पहले से ही एक महिला से कोर्ट मैरिज कर चुका है।
लड़की पक्ष को जब पता चला कि दूल्हा पहले से विवाहित है, तो उन्होंने दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया।इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी तीखी बहस हुई।लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों के साथ मारपीट भी की। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी तीखी बहस हुई।वहीं पुलिस ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की पक्ष ने शादी करने से साफ साफ मना कर दिया। बताया गया कि, गणमान्यों की मध्यस्थता के बाद शादी में हुए खर्च का हिसाब लगाकर लडके पक्ष द्वारा देना स्वीकार करने का दबाव बनाया गया है।