आखिर क्या है जुबैर का सच! नौ कारों में आग लगाने वाले आरोपित की सच्चाई जानने पानीपत जाएगी आगरा पुलिस

आखिर क्या है जुबैर का सच! नौ कारों में आग लगाने वाले आरोपित की सच्चाई जानने पानीपत जाएगी आगरा पुलिस

आगरा। शाहगंज की मुरली विहार कालोनी में गुरुवार की आधी रात को 27 मिनट में नौ कारों में आग लगाने वाले जुबैर का सच जानने को पुलिस पानीपत जाएगी। आरोपित से शनिवार को भी पूछताछ के दौरान पुलिस और एलआइयू घनचक्कर बनी रही।

 

वह नशे में गुस्से के चलते कारों में आग लगाने की बात दोहराता रहा। पुलिस को आरोपित का आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। जुबैर का सच जानने को पुलिस् टीम पानीपत जाएगी।वहीं, जुबैर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

पानीपत का रहने वाला है जुबैर

पानीपत (हरियाणा) के थाना माडल टाउन की गंगाराम कालोनी के 55 वर्षीय जुबैर ने गुुरुवार की रात दाे बजे शाहगंज के मुरली विहार में दहशत फैला दी थी। उसने भगवा झंडा लगे घरों के बाहर खड़ी नौ कारों में आग लगा दी थी। इसके अलावा भुस की टाल, एक खोखे और झाेपड़ी को भी आग के हवाले कर दिया था। लाइटर लेकर कालोनी में घूमते जुबैर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस और एलआइयू ने की पूछताछ

जुबैर से पुलिस और एलआइयू ने दूसरे दिन भी पूछताछ की। जुबैर ने पुरानी कहानी दोहराई। उसका कहना था कि वह गुरुवार की रात को पानीपत से आगरा आया था। खंदारी में रहने वाले मित्र अब्दुल से मिलने आया था। आइएसबीटी के पास उसने शराब पीने के बाद आटो किया। चालक उसे धोखा देकर दौरेठा में उतार गया। इससे आक्रोशित होकर उसने कालोनी में जो भी कार या चीज सामने दिखी आग लगा दी।

पुलिस को दी तहरीर

गुरुवार को सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता योगेश बघेल की तहरीर पर शाहगंज थाने में आगजनी का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपित ने उनकी कार में भी आग लगाई थी। मामले में भुस की टाल मालिक राजकुमार, झोपड़ी में रहने वाले सतीश नागर और लोरईया की ओर से भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि जुबैर के बारे में छानबीन करने पुलिस टीम पानीपत जाएगी।आरोपित को रविवार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जुबैर के दो सप्ताह पहले भी कालोनी में आने का दावा

मुरली विहार कालोनी के चंद्रकांत ने जुबैर के दो सप्ताह पहले कालोनी में दिखाई देने का दावा किया। उनका कहना है कि जुबैर की कद-काठी उनके एक मित्र से मिलती है। दो सप्ताह पहले उन्होंने जुबैर को कालोनी में देखा था। उसे अपना मित्र होने के धोखे में आवाज दी, लेकिन वह अनसुना करके चला गया था। पुलिस द्वारा पकड़़े गया जुबैर ही उसे दो दिन पहले कालोनी में दिखाई दिया था।

 

सुरक्षा को लेकर कालोनी की बैठक

कारों में आग लगाने की घटना के बाद कालोनी वालों ने शनिवार को मंदिर पर बैठक की। कालोनी में सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने के साथ ही चौकीदार रखने और गेट लगाने को लेकर बात हुई। इससे कि रात में कालोनी में आने-जाने वाले संदिग्धाें पर नजर रखी जा सके।

दिव्यांग खोखे वाले की पुलिस ने की आर्थिक सहायता

दौरेठा में रेलवे फाटक के पास दिव्यांग किशन सिंह का खोखा भी जला दिया गया था। जो उसके परिवार के पालन-पोषण का साधन था। थाना पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शनिवार को दिव्यांग किशन सिंह को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।