त्रिदिवसीय यज्ञ शुरू,वैदिक झंडे के नीचे एकत्र हों और पाखंड और विकारों का परित्याग करें: रवि शास्त्री

त्रिदिवसीय यज्ञ शुरू,वैदिक झंडे के नीचे एकत्र हों और पाखंड और विकारों का परित्याग करें: रवि शास्त्री

संवाददाता आशीष चंद्रमौलि

बडौत। तहसील के गांव आजमपुर मुलसम में बने शिव मंदिर में आर्य समाज का 3 दिवसीय यज्ञ कार्यक्रम दीप प्रज्वलन एवं ओम पताका फहरा कर प्रारंभ हुआ। शुभारंभ जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री रवि शास्त्री ने किया। प्रधानाचार्य रुकम पाल ने ओम ध्वज फहराया।

सरस्वती ज्ञान मंदिर के छात्र छात्राओं द्वारा गांव की गलियों में जन जागरण यात्रा निकाली गई, जिसमें बच्चों के द्वारा जय घोष किया गया कि, हम बदलेंगे, देश बदलेगा ; हम सुधरेंगे, देश सुधरेगा। बाप शराब पिएगा, बच्चे भूखे मरेंगे; छोड़ दो भाई छोड़ दो, शराब को पीना छोड़ दो ,आदि नारे लगाकर लोगों को जागरूक करने का प्रशंसनीय कार्य किया।

सभा मंत्री रवि शास्त्री ने कहा, संगठन में शक्ति होती है। हम सभी को वैदिक झंडे के नीचे संगठित होकर, पाखंड का त्याग कर, समर्पण भाव के साथ समाज का स्वच्छ माहौल बनाने की आवश्यकता है, तभी हम आने वाली पीढ़ी को अच्छा माहौल दे पाएंगे।कहा कि, हमारे बच्चे विकारों की ओर बढ़ते जा रहे हैं, उन्हें हम आध्यात्मिक शक्ति के साथ जोड़ें।

यज्ञ के ब्रह्मा योगाचार्य अरविंद शास्त्री ने कहा, हम पूर्वजों की शिक्षाओं को ग्रहण कर जीवन को उन्नत बनाएं,तभी हमारा कल्याण हो सकता है।इस मौके पर मा कृष्णपाल, रिंकू, पुष्पेंद्र शर्मा, जयपाल सिंह, सत्येंद्र, हरेंद्र, जितेंद्र, कल्लू, गुड्डू, जोगिंदर, गौरव शास्त्री, मास्टर संजीव आदि उपस्थित रहे।