शुगर मिल में फिर आई खराबी, शहर में लगा जाम लोगों को करना पडा परेशानियों का सामना, घंटों जूझते रहे वाहन चालक

शुगर मिल में फिर आई खराबी, शहर में लगा जाम लोगों को करना पडा परेशानियों का सामना, घंटों जूझते रहे वाहन चालक
शुगर मिल में फिर आई खराबी, शहर में लगा जाम लोगों को करना पडा परेशानियों का सामना, घंटों जूझते रहे वाहन चालक
शामली। शहर के अपर दोआब शुगर मिल में आए दिन होने वाली तकनीकी खराबी का खामियाजा किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी भुगतना पड रहा है। गुरुवार को एक बार फिर मिल में खराबी आने से कार्य ठप्प हो गया जिससे शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गयी, लोगों को परेशानियों का सामना करना पडा।
जानकारी के अनुसार शामली शुगर मिल में आए दिन तकनीकी खराबी के कारण शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो रही है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पडता है। गुरुवार को भी मिल में आई तकनीकी खराबी के चलते कार्य ठप्प हो गया जिससे मिल गेट से लेकर अग्रसेन पार्क, हनुमान रोड, सिटी बिजलीघर तक गन्नों के वाहनों की लंबी लाइन लग गयी। गन्नों के वाहनों के जाम के चलते जहां किसानों को खराब मौसम के चलते दिक्कतें झेलनी पडी वहीं वाहन चालकों को भी घंटों जाम में फंसा रहना पडा। जाम की हालत के चलते पैदल चलने वालों को भी निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया। गौरतलब है कि मिल के आए दिन खराब रहने से शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो जाती है। पूरे शहर में वाहनों का लंबा जाम लग जाता है जिससे लोगों की दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित होती है। मुख्य मार्ग पर जाम के चलते लोग बाजारों व गलियों से निकलने का प्रयास करते हैं, वहां भी कुछ समय बाद ही जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। कई बार तो गंभीर मरीजों को ले जा रही एम्बुलैंस भी जाम में फंस जाती है वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की गाडियां भी जाम से निकलने में मशक्कत करती नजर आती है। अधिकारियों द्वारा कई बार प्रयास करने के बावजूद भी शहर को जाम से मुक्ति मिलती नजर नहीं आ रही है।