शिक्षण संस्थाओं में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस

शिक्षण संस्थाओं में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस

भारतीय संविधान की विशेषताएं व अधिकारों से कराया अवगत
वीवी पीजी कालेज व श्री सत्यनारायण इंटर कालेज में कार्यक्रमों के आयोजन
शामली। शहर के शिक्षण संस्थाओं में शनिवार को संविधान दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की विशेषताएं एवं उनसे प्राप्त होने वाले अधिकारों से अवगत कराया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को शहर की शिक्षण संस्थाओं में संविधान दिवस पूरे उल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। वीवी पीजी कालेज में राजनीति विभाग एवं संस्कृति समिति के संयुक्त तत्वावान में संविधान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ कालेज के प्राचार्य डा. सुधीर कुमार ने किया। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की विशेषताएं और उससे प्राप्त होने वाले अधिकारों से अवगत कराया, साथ ही उन्होंने अन्य देशों के मुकाबले भारत के लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए भारत के संविधान को सर्वश्रेष्ठ कहा। डा. प्रताप कुमार ने संविधान दिवस के मनाने की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम में लाखों लोगों ने अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर का एक सामान्य परिवार में जन्म हुआ था। उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, फिर भी उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। हम सभी को बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। गिरीश नारायण यादव ने संविधान की प्रस्तावना को अभिव्यक्त कर उसके मूल अधिकारों से परिचित कराया। इस अवसर पर डीन डा. नीना छोकरा, डा. छवि, डा. पूजा राय, डा. मुकेश कुमार कन्नौजिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने संविधान दिवस पर भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया जिसमें आठ छात्र तथा 14 छात्राओं ने भाग लिया। प्रथम स्थान तनुश्री धीमान, द्वितीय स्थान स्नेहा व तृतीय स्थान गीनिशा व मोहित ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। मंच संचालन प्रो. निर्भय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर रासेयो समन्वयक डा. भूपेन्द्र कुमार, नारायण सिंह, धीरेन्द्र कुमार, अर्शी खान, कृणाल आदि भी मौजूद रहे।
दूसरी ओर श्री सत्यनारायण इंटर कालेज में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर दीप प्रज्जवलित किया गया। प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि भारत देश का संविधान सबसे बडा और लिखित संविधान है जिसमें लिखे गए नियम भारत के सभी लोगों को समान रूप से शिक्षा, समानता, पूजा किसी भी स्थान पर आवागमन जैसे सभी अधिकार प्रदान करता है। यह संविधान भारत के सभी नागरिकों को अनेक प्रकार के अधिकार देने के साथ-साथ दायित्व भी प्रदान करता है। इस अवसर पर कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष रकोश कुमार गर्ग, राजीव संगल, राजीव तायल, सतीश आत्रेय, अनिल कुमार आदि भी मौजूद रहे।